उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ, टनकपुर क्षेत्र की क्षेत्रीय बैठक शनिवार को क्षेत्रीय अध्यक्ष नरेन्द्र पाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस दौरान परिवहन कर्मचारियों की विभिन्न विभागीय एवं सेवा संबंधी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में संगठन की कार्यशैली एवं कर्मचारी हितैषी कार्यप्रणाली से प्रभावित होकर विभिन्न संगठनों से जुड़े कई पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अपने पूर्व संगठनों को छोड़कर उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ की सदस्यता ग्रहण की। इनमें भारत पाठक, पूर्व अध्यक्ष रोडवेज परिषद तथा मनोज मिश्रा, पूर्व मंडल मंत्री कर्मचारी यूनियन ने अपने साथियों के साथ संघ की सदस्यता ली।

इसके अलावा इमरान अहमद, राम सूरत यादव, अनूप कुमार एवं दीपक कश्यप सहित विभिन्न संगठनों से जुड़े कई पदाधिकारी एवं सदस्य भी संघ में शामिल हुए। संघ पदाधिकारियों ने सभी नए साथियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए संगठन को मजबूत बनाने में उनकी सक्रिय भूमिका की उम्मीद जताई।
बैठक में नए सदस्यों ने कहा कि संगठन की नीतियों एवं कार्यक्रमों में विश्वास व्यक्त करते हुए वे भविष्य में कर्मचारियों के हितों के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने संगठन की एकता, अनुशासन एवं संघर्ष की नीति के अनुरूप कर्मचारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का संकल्प भी लिया।
नियमितीकरण और समान कार्य-समान वेतन की मांग पर बनेगी व्यापक रणनीति
बैठक में कर्मचारियों के नियमितीकरण, नियमितीकरण होने तक समान कार्य के लिए समान वेतन, निगम में वर्षों से चली आ रही कर्मचारियों की समस्याओं तथा समय पर वेतन भुगतान जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
इन मांगों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए छह सदस्यीय संयोजक टीम गठित करने का निर्णय लिया गया। इसमें भरत पाठक एवं मनोज मिश्रा को संयोजक बनाया गया। टीम में क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय मंत्री के साथ अन्य पदाधिकारियों को भी शामिल किया गया है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि नियमितीकरण एवं समान कार्य-समान वेतन की मांग को केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि प्रदेशभर के परिवहन कर्मचारियों को एकजुट कर व्यापक आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।
संघ ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार द्वारा कर्मचारियों के नियमितीकरण अथवा नियमितीकरण होने तक समान कार्य-समान वेतन के संबंध में शीघ्र ठोस निर्णय नहीं लिया जाता तथा निगम की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार नहीं किए जाते हैं, तो संगठन व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र कुमार मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष दीपचंद शाह, क्षेत्रीय अध्यक्ष नरेंद्र पाल, क्षेत्रीय मंत्री गौरव गुप्ता, डिपो अध्यक्ष सरताज खान, डिपो मंत्री रवि कुमार, संगठन मंत्री कुणाल राठौड़, संगठन मंत्री मनीष कुमार, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष कुलदीप गुप्ता, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सती उप्रेती, एवं महेंद्र सिंह बिष्ट व अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे
बैठक का समापन कर्मचारी एकता, संगठन की मजबूती तथा नियमितीकरण एवं समान कार्य-समान वेतन की मांग को लेकर निरंतर संघर्ष करने के संकल्प के साथ किया गया।

