टनकपुर। सरस्वती शिशु मंदिर, निकट पिथौरागढ़ चुंगी, टनकपुर में दिनांक 26 फरवरी 2026 को विद्यालय का वार्षिकोत्सव अत्यंत हर्ष, उल्लास एवं भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिसर को आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया था तथा पूरे वातावरण में सांस्कृतिक गरिमा एवं उत्सव का भाव व्याप्त रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्री विपिन कुमार वर्मा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्री हर्षवर्धन सिंह रावत सहित प्रबंध समिति के पदाधिकारियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया गया। इस पावन क्षण ने आयोजन को आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायक स्वरूप प्रदान किया।

कार्यक्रम का संचालन दिव्या कॉलोनी द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया। छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। साहसिक एवं शारीरिक प्रदर्शन, नुक्कड़ नाटक, काव्यावली एवं विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं संस्कारयुक्त शिक्षा की झलक प्रस्तुत की। दर्शकों ने तालियों की गूंज के साथ विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

विद्यालय की इस शानदार प्रस्तुति ने सिद्ध किया कि सरस्वती शिक्षा मंदिर न केवल शैक्षिक क्षेत्र में बल्कि सांस्कृतिक, नैतिक एवं सर्वांगीण विकास में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन, प्रबंधन समिति के दूरदर्शी नेतृत्व तथा विद्यार्थियों के अनुशासन और परिश्रम ने आयोजन को सफल एवं यादगार बना दिया।

समारोह के अंत में विद्यालय के व्यवस्थापक एवं प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
समारोह की भव्यता, अनुशासन एवं उत्कृष्ट आयोजन के लिए विद्यालय परिवार की सर्वत्र प्रशंसा की जा रही है। यह वार्षिकोत्सव विद्यालय की उत्कृष्ट परंपराओं एवं संस्कारयुक्त शिक्षा का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया।



GIPHY App Key not set. Please check settings