in , ,

प्रोजेक्ट SHE से बेटियों को मिलेगा स्वास्थ्य, सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश, भारत विकास परिषद व ACIC की संयुक्त पहल

टनकपुर में दो विद्यालयों में आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम, करीब 400 छात्राओं ने लिया जागरूकता का संकल्प

Oplus_131072

टनकपुर। बेटियों को स्वास्थ्य, सुरक्षा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद शाखा टनकपुर एवं एंटी करप्शन इंटरनेशनल काउंसिल (ACIC) के सहयोग से प्रोजेक्ट SHE (Support, Health, Empowerment) का शुभारंभ किया गया। इसके तहत एमडीएम एजुकेशन एकेडमी और नंदा कॉन्वेंट स्कूल टनकपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में करीब 400 छात्राओं ने प्रतिभाग कर स्वास्थ्य, महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़े संदेशों को अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में छात्राओं को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक बदलाव, मासिक धर्म स्वच्छता, पोषण, प्रजनन स्वास्थ्य, महिला सुरक्षा, कानून के प्रति जागरूकता और आत्मविश्वास जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने छात्राओं को किसी भी प्रकार के अन्याय या अपराध की स्थिति में बिना भय अपनी आवाज उठाने तथा जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

एमडीएम एजुकेशन एकेडमी में सब इंस्पेक्टर संदीप पिनख्वाल (क्राइम एवं ट्रैफिक, टनकपुर) और राजकीय चिकित्सालय टनकपुर की मेडिकल ऑफिसर डॉ. लक्ष्मी चौहान ने छात्राओं को संबोधित किया। वहीं, नंदा कॉन्वेंट स्कूल में राजकीय चिकित्सालय की सर्जन एवं स्त्री-प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रभा जोशी तथा महिला क्राइम से संबंधित सब इंस्पेक्टर गुरविंदर कौर ने किशोरियों को स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

एंटी करप्शन इंटरनेशनल काउंसिल के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मुकुल शर्मा ने कहा कि प्रोजेक्ट SHE का उद्देश्य बेटियों को स्वास्थ्य, सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने इस पहल को अधिक से अधिक विद्यालयों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि छात्राएं जागरूक होने के साथ आत्मनिर्भर बनें और नेतृत्व क्षमता विकसित कर सकें।

भारत विकास परिषद शाखा टनकपुर के अध्यक्ष भुवन जोशी ने छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने तथा नशामुक्त और अनुशासित समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जागरूक युवा ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

नंदा कॉन्वेंट स्कूल की संस्थापिका जानकी खर्कवाल और एमडीएम एजुकेशन एकेडमी के संस्थापक धर्मेंद्र चंद ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा और जागरूकता के माध्यम से ही नई पीढ़ी को सशक्त बनाया जा सकता है। विद्यालय की प्रधानाचार्या ज्योति चंद एवं सुनीता चंद ने आयोजन के लिए दोनों संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में संरक्षक राजीव आर्य, सचिव सत्य प्रकाश, अंकुर टंडन, कोषाध्यक्ष अतुल शारदा, गिरीश कुमार शर्मा तथा महिला सहभागिता से कल्पना अग्रवाल, बीना अग्रवाल, छवि गुप्ता, मोनिका अग्रवाल, सुधा शारदा और अनिता शारदा सहित विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने स्वास्थ्य, सम्मान, महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के संदेश को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने बताया कि प्रोजेक्ट SHE के अंतर्गत टनकपुर के अन्य विद्यालयों में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Rajiv Gupta

Written by Rajiv Gupta

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शौर्य स्मृति दिवस पर शहीद पुलिस जवानों को टनकपुर कोतवाली में दी गई श्रद्धांजलि

सफाई कर्मचारियों के हक और सम्मान पर सख्त हुए संतोष गौरव, टनकपुर-बनबसा में अधिकारियों को दिए निर्देश