टनकपुर, 18 अक्टूबर। जनपद चम्पावत में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी/एएनटीएफ और थाना टनकपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.104 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में एक युवक और उसकी सगी मामी शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 1,150 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में 17 अक्टूबर 2026 को अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में शाम करीब 5:20 बजे टनकपुर के ग्राम बिचई स्थित रेलवे अंडरपास के उत्तरी छोर पर चेकिंग के दौरान टीवीएस मोटरसाइकिल संख्या UK06 BJ 5542 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल सवार जसपाल वर्मा निवासी बंडिया भट्टा, थाना किच्छा, जनपद ऊधम सिंह नगर और उसकी मामी रेशमवती निवासी ग्राम बैटरा, थाना रिसौली, जनपद बदायूं, उत्तर प्रदेश के कब्जे से अफीम बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में रेशमवती ने अफीम अपने रिश्तेदार विनोद लोधी निवासी सिरौली, जनपद बरेली से खरीदकर लाने की बात बताई। साथ ही नेपाल सीमा पर एक नेपाली व्यक्ति को अफीम बेचने के संबंध में भी जानकारी सामने आई है। पुलिस इस मामले में अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली टनकपुर में मुकदमा संख्या 67/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18/60 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ ही मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
संयुक्त टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक चेतन रावत, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट, एएनटीएफ प्रभारी उपनिरीक्षक प्रकाश भट्ट सहित हेड कांस्टेबल तपेंद्र जोशी, नासिर हुसैन, महेंद्र डंगवाल, कांस्टेबल उमेश राज, ललित कुमार, संजय कुमार, राजकुमार, कुलदीप सिंह, सूरज कुमार और महिला कांस्टेबल शोभा शर्मा शामिल रहे।
पुलिस की अपील: चम्पावत पुलिस ने आमजन से नशे के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस को देने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की है।


