in , , ,

बनबसा भारत-नेपाल सीमा पर SOG की कार्रवाई, स्कॉर्पियो-N से ₹1.17 लाख बरामद; चालक नकदी समेत कस्टम विभाग को सौंपा

टनकपुर/बनबसा। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान चम्पावत पुलिस की SOG टीम ने बनबसा में एक स्कॉर्पियो-N वाहन से ₹1 लाख 17 हजार की भारतीय मुद्रा बरामद की है। पुलिस के अनुसार, यह धनराशि नेपाल ले जाई जा रही थी। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए नकदी और वाहन को कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है।

चम्पावत पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में SOG प्रभारी कमलेश भट्ट के नेतृत्व में भारत-नेपाल सीमा पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।

इसी दौरान इमीग्रेशन कार्यालय के निकट सफेद रंग की स्कॉर्पियो-N (UP 32 PK 0100) को रोककर जांच की गई। पुलिस के मुताबिक, वाहन को उत्तर प्रदेश के संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के ग्राम रामनगर निवासी साने आलम उर्फ टीटू चला रहा था। पूछताछ के दौरान चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और वाहन के आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर पाया।

पुलिस टीम ने नियमानुसार तलाशी ली तो वाहन चालक के कब्जे से ₹1,17,000 की भारतीय मुद्रा बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने नकदी और वाहन को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया।संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पूर्व में दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, साने आलम उर्फ टीटू के खिलाफ पूर्व में संभल और असमोली थानों में विभिन्न धाराओं में तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2014, 2020 और 2024 के मामले शामिल बताए गए हैं।

SOG टीम में ये रहे शामिल

इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल तपेन्द्र जोशी, कांस्टेबल ललित चौधरी और कांस्टेबल सूरज कुमार शामिल रहे।

चम्पावत पुलिस ने आमजन से अपील की है कि भारत-नेपाल सीमा पर किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध परिवहन की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस के अनुसार, सीमा पर प्रभावी निगरानी के लिए चेकिंग अभियान लगातार जारी हैं।

Rajiv Gupta

Written by Rajiv Gupta

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

बाल विवाह और लैंगिक भेदभाव के खिलाफ जागरूक हुईं टनकपुर की छात्राएं, विधिक शिविर में दिलाई गई शपथ”

आईटीआई टनकपुर की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम