टनकपुर/बनबसा, 24 अक्टूबर। उत्तराखंड राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष एवं दर्जा राज्य मंत्री संतोष गौरव ने शनिवार को टनकपुर और बनबसा का भ्रमण कर सफाई कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ कर्मचारी हितों, वेतन भुगतान, भविष्य निधि, सुरक्षा उपकरणों और लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

आयोग उपाध्यक्ष संतोष गौरव ने कहा कि सफाई कर्मचारियों को सम्मानजनक कार्य वातावरण, समय पर वेतन और आवश्यक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराना संबंधित निकायों की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान को प्राथमिकता देने को कहा।

वेतन सीधे खातों में देने के निर्देश
टनकपुर में समीक्षा के दौरान मोहल्ला समितियों के माध्यम से वेतन भुगतान में आ रही कठिनाइयों का मामला सामने आया। इस पर आयोग उपाध्यक्ष ने कर्मचारियों को समय पर पूरा वेतन उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए भुगतान व्यवस्था में आवश्यक बदलाव कर इसी माह से वेतन सीधे कर्मचारियों के बैंक खातों में देने के निर्देश दिए।

भविष्य निधि से संबंधित शिकायतों पर उन्होंने कर्मचारियों के वेतन से की गई कटौती और नियोक्ता के अंशदान को नियमानुसार खातों में जमा कराना सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिशासी अधिकारी को संबंधित फर्म के अभिलेखों और जमा धनराशि की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
मृतक आश्रित नियुक्ति और पदोन्नति के मामलों पर जोर
समीक्षा के दौरान मृतक आश्रित नियुक्ति के एक प्रकरण में संबंधित आश्रित की शैक्षिक योग्यता के अनुरूप नियुक्ति की संभावनाओं का नियमानुसार परीक्षण कर शीघ्र कार्रवाई करने को कहा गया। इसके साथ ही कर्मचारियों के लंबित पदोन्नति संबंधी मामलों का भी जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
सफाई कर्मचारियों को परिचय पत्र, पात्रतानुसार गोल्डन कार्ड तथा कार्य की प्रकृति के अनुसार झाड़ू, सफाई उपकरण, ठेली, मास्क, जूते, टोपी और सेफ्टी बेल्ट उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने सुरक्षा सामग्री के नियमित उपयोग और कर्मचारियों की सुरक्षा की निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
पुनः सर्वे कर पात्र परिवारों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश
पूर्व में सिर पर मैला ढोने के कार्य से जुड़े पात्र व्यक्तियों एवं परिवारों के संबंध में शून्य सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत किए जाने पर संतोष गौरव ने दोबारा सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्तियों की पहचान कर रिपोर्ट समाज कल्याण विभाग को उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें पुनर्वास, आर्थिक सहायता और स्वरोजगार से संबंधित योजनाओं का लाभ मिल सके।
बनबसा में सफाई व्यवस्था और जनसुविधाओं की समीक्षा
बनबसा नगर पंचायत कार्यालय में नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आयोग उपाध्यक्ष ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से संवाद कर नगर पंचायत के कार्यों और जनसुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिशासी अधिकारी दीपक बुधलाकोटी को सफाई व्यवस्था और कर्मचारी कल्याण से जुड़े विषयों पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शिक्षा विभाग से प्राथमिक विद्यालयों की सफाई व्यवस्था के संबंध में जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के अभाव में बच्चों से सफाई कार्य कराया जाना उचित नहीं है। विद्यालयों में समुचित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं, आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली और पेयजल की कमी से संबंधित समस्याओं पर भी संबंधित विभागों को कार्रवाई करने को कहा गया।
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर भी अधिकारियों से जानकारी लेकर उनके समाधान के निर्देश दिए गए।
टनकपुर में एसडीएम प्रमोद कुमार, तहसीलदार पिंकी आर्या और अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल के साथ निकाय से जुड़े विषयों तथा कर्मचारी हितों पर चर्चा की गई। बनबसा में नामित सभासद प्रेम सिंह रावत और उमेद सिंह नेगी, रुचि धस्माना, रुक्मिणी उनियाल, विमला बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
आयोग उपाध्यक्ष ने अधिकारियों से अपेक्षा की कि सफाई कर्मचारियों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

