टनकपुर, 15 अक्टूबर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) टनकपुर में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026 का गुरुवार को समापन हो गया। 12 अक्टूबर से शुरू हुई इस प्रतियोगिता में आईटीआई टनकपुर एवं आईटीआई चम्पावत के प्रशिक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा और शारीरिक दक्षता का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ संस्थान के प्रधानाचार्य लोकेश चन्द्र भट्ट ने किया था। तीन दिनों तक चली खेल स्पर्धाओं में महिला एवं पुरुष वर्ग की 100, 200 और 400 मीटर दौड़, गोला फेंक, कैरम, शतरंज, बैडमिंटन, वॉलीबॉल एवं कबड्डी सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। खिलाड़ियों ने अनुशासन, आपसी तालमेल और खेल भावना का परिचय दिया।

दौड़ में नेहा और हिमांशु का शानदार प्रदर्शन
दौड़ प्रतियोगिताओं में महिला वर्ग की 100 मीटर दौड़ में नेहा श्रीवास्तव प्रथम, शिवानी द्वितीय और खुशी तृतीय स्थान पर रहीं। 200 मीटर महिला वर्ग में नेहा श्रीवास्तव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कोमल द्वितीय और शिवानी तृतीय स्थान पर रहीं।
पुरुष वर्ग की 100 मीटर दौड़ में हिमांशु प्रसाद प्रथम, विवेक चन्द द्वितीय और जितेश मिश्रा तृतीय रहे। 200 मीटर दौड़ में हिमांशु प्रसाद ने पहला, पूरक भट्ट ने दूसरा और अखिल कुमार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, 400 मीटर दौड़ में हिमांशु प्रसाद प्रथम, प्रदीप जोशी द्वितीय और विवेक चन्द तृतीय स्थान पर रहे।
अन्य खेल प्रतियोगिताओं के परिणाम
गोला फेंक प्रतियोगिता में भावना ने प्रथम, खुशी ने द्वितीय और आरजू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कैरम के महिला वर्ग में आरजू एवं कोमल की जोड़ी प्रथम और भावना एवं कनिका की जोड़ी द्वितीय रही। पुरुष वर्ग में समीर अली एवं विकास की जोड़ी ने पहला तथा अहमद रजा एवं जैद अंसारी की जोड़ी ने दूसरा स्थान हासिल किया।
शतरंज के पुरुष वर्ग में राजकुमार प्रथम और मो. नूर द्वितीय रहे। बैडमिंटन पुरुष एकल में जितेश मिश्रा प्रथम और हिमांशु प्रसाद द्वितीय स्थान पर रहे। पुरुष युगल में हिमांशु प्रसाद एवं अदनान अली की जोड़ी विजेता बनी, जबकि भास्कर तिवारी एवं मो. तौसीफ की जोड़ी उपविजेता रही। महिला एकल बैडमिंटन में शालिनी ने प्रथम और स्नेहा चन्द ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
वॉलीबॉल एवं कबड्डी की टीम स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया और टीम भावना का परिचय दिया।
16 अक्टूबर को पुरस्कृत होंगे विजेता
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में प्रधानाचार्य लोकेश चन्द्र भट्ट के मार्गदर्शन में संस्थान के समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन का उद्देश्य प्रशिक्षार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास, शारीरिक स्वास्थ्य और सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करना था।
संस्थान के अनुसार, प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को 16 अक्टूबर 2026 को संयुक्त निदेशक द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। संस्थान ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


