उत्तराखंड को खेलों की नई पहचान दिलाने और गांव-गांव छिपी खेल प्रतिभाओं को बड़ा मंच उपलब्ध कराने की दिशा में मंगलवार को टनकपुर ने एक ऐतिहासिक शुरुआत का साक्षी बना। स्वर्गीय कैलाश चंद्र गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम में मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी एवं ‘खेल महाकुंभ-2026’ का भव्य शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। राष्ट्रगीत वंदेमातरम् एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मुख्यमंत्री को पौधे के साथ ऐपण कला से सजी चौकी भेंट कर स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट खिलाड़ी गहना महर को खेल महाकुंभ की मशाल सौंपकर प्रतियोगिताओं का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, निष्पक्षता और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने की शपथ ली। कार्यक्रम में योगासन तथा उत्तराखंड के पारंपरिक खेल ‘मुर्गा झपट’ के शानदार प्रदर्शन ने भी दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

खेल प्रतिभाओं को गांव से राज्य स्तर तक मिलेगा मंच

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के साथ ही देवभूमि को एक मजबूत ‘खेलभूमि’ के रूप में स्थापित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ के माध्यम से न्याय पंचायत स्तर से लेकर राज्य स्तर तक प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य के पहले खेल विश्वविद्यालय की स्थापना और खेल महाकुंभ-2026 का आयोजन उत्तराखंड के खेल इतिहास में महत्वपूर्ण कदम हैं। प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाड़ियों को लगभग 11 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ‘आउट ऑफ टर्न’ नियुक्ति जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। इसके साथ ही 8 से 23 वर्ष तक के उदीयमान खिलाड़ियों के लिए छात्रवृत्ति एवं खेल उपकरण सहायता, 23 नई हाईटेक खेल अकादमियों की स्थापना, आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेजों में निःशुल्क व्यवस्थाएं और खेल इंजरी बीमा जैसी योजनाएं खिलाड़ियों के भविष्य को मजबूत आधार दे रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसे अभियानों से प्रेरणा लेते हुए सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले राष्ट्रीय खेलों और वर्ष 2036 के ओलंपिक में उत्तराखंड के खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व करते हुए तिरंगा लहराएं।
पारदर्शी चयन प्रक्रिया से आगे बढ़ेंगी प्रतिभाएं: रेखा आर्या
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि न्याय पंचायत स्तर की प्रतियोगिताएं प्रतिभाओं के लिए आगे बढ़ने की पहली और बेहद महत्वपूर्ण सीढ़ी हैं। ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के खिलाड़ी इसी प्रक्रिया के माध्यम से ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर तक पहुंचेंगे।
उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया को पारदर्शी रखा गया है, ताकि किसी सिफारिश के बजाय खिलाड़ी की प्रतिभा और मेहनत ही उसकी पहचान बने। हल्द्वानी में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी और लोहाघाट में देश के पहले गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना जैसे निर्णय युवाओं और विशेषकर बालिकाओं के खेल भविष्य को नई दिशा देने वाले हैं।
न्याय पंचायत से मुख्यमंत्री ट्रॉफी तक चलेगा खेलों का महाकुंभ
खेल महाकुंभ-2026 के अंतर्गत 1 से 10 सितंबर तक न्याय पंचायत स्तर, 11 से 20 सितंबर तक विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी, 21 से 30 सितंबर तक सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी तथा 10 से 30 अक्टूबर तक राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी आयोजित की जाएगी।
न्याय पंचायत स्तर पर अंडर-14 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग में कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स और मुर्गा झपट जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। आगे के चरणों में वॉलीबाल, फुटबॉल, बैडमिंटन, मल्लखम्ब, रस्साकस्सी, जूडो, बॉक्सिंग, ताइक्वांडो, कराटे, हॉकी, कुश्ती, तीरंदाजी, तैराकी, योगासन सहित अनेक खेलों को शामिल किया गया है।
महिला ओपन तथा दिव्यांगजन वर्ग के खिलाड़ियों के लिए भी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
टनकपुर में खेल महाकुंभ का यह भव्य शुभारंभ केवल एक प्रतियोगिता की शुरुआत नहीं, बल्कि उत्तराखंड की नई खेल संस्कृति और ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने की मजबूत पहल के रूप में देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री धामी के ‘खेलभूमि उत्तराखंड’ के संकल्प से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपने सपनों को नई ऊंचाई देने का अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम में विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित कुमार सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अध्यक्ष, विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे


