टनकपुर, चंपावत। अटल उत्कृष्ट राजकीय बालिका इंटर कॉलेज टनकपुर में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चंपावत के सचिव के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यालय की छात्राओं को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति का विरोध करने और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को उनके अधिकारों, शिक्षा के महत्व और आत्मनिर्भर बनने के प्रति जागरूक किया गया। वक्ताओं ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस मनाने की शुरुआत वर्ष 2012 में संयुक्त राष्ट्र द्वारा की गई थी। इस दिवस का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं के अधिकारों को बढ़ावा देना, उन्हें शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराना तथा समाज में व्याप्त लैंगिक असमानता और भेदभाव को दूर करना है।

शिविर में बाल विवाह, दहेज प्रथा, कन्या भ्रूण हत्या और लैंगिक असमानता जैसी सामाजिक बुराइयों पर रोक लगाने के लिए जागरूकता की आवश्यकता पर जोर दिया गया। छात्राओं को बताया गया कि शिक्षा बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने और समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं को उनके उत्साह एवं सहभागिता के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रभारी प्रधानाचार्य श्रीमती बिंदु, शिक्षिका श्रीमती रेणु सहित विद्यालय की समस्त शिक्षिकाओं का सहयोग रहा।
शिविर में पीएलवी (अधिकार मित्र) बिजेंद्र अग्रवाल, किरण जोशी, सुनील कुमार एवं अंजू बोहरा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाने का संदेश दिया गया।


