लोहाघाट, 19 सितंबर 2026। जनपद चंपावत में धार्मिक आयोजनों एवं मेलों के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन को लेकर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कालनेमी’ के तहत लोहाघाट पुलिस ने झूमाधुरी मेले में सघन चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाया।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा यादव के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीम ने मेले में साधु के भेष में घूम रहे दो बाहरी व्यक्तियों को चिन्हित किया। पुलिस के अनुसार दोनों व्यक्ति श्रद्धालुओं को टीका-पिठिया लगाकर उनसे धनराशि मांग रहे थे। पूछताछ एवं सत्यापन के दौरान दोनों की पहचान नानक सागर रोड, बहादुर बरनाला, पंजाब निवासी के रूप में हुई।
पुलिस ने बताया कि दोनों व्यक्ति बिना सत्यापन मेले में घूम रहे थे और आमजन से धनराशि मांग रहे थे। मामले में दोनों के विरुद्ध धारा 81 पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
चंपावत पुलिस ने मेले एवं धार्मिक आयोजनों में आमजन से संदिग्ध व्यक्तियों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस को दें अथवा 112 पर सूचना दें।


