टनकपुर, 17 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद टनकपुर द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत नगर क्षेत्र में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों का शुभारंभ नगर पालिका परिषद टनकपुर के अध्यक्ष श्री विपिन कुमार की अध्यक्षता में वार्ड संख्या-05 स्थित दीनदयाल पार्क से किया गया।

प्रातः करीब 8:30 बजे दीनदयाल पार्क में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके साथ ही पार्क परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। अभियान के अगले चरण में पिथौरागढ़ चुंगी से पीलीभीत चुंगी तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर सड़क मार्ग एवं आसपास के सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की गई। इस दौरान आवश्यक स्थानों पर कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव भी किया गया।

सायं 5 बजे वार्ड संख्या-08 स्थित मेन मार्केट में नगर पालिका अध्यक्ष श्री विपिन कुमार ने आमजन को सिंगल यूज प्लास्टिक एवं पॉलीथीन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। नागरिकों से पॉलीथीन का उपयोग नहीं करने की अपील करते हुए उन्हें जूट के थैले वितरित किए गए। पालिका की इस पहल का उद्देश्य दैनिक जीवन में पॉलीथीन के स्थान पर पुनः उपयोग योग्य एवं पर्यावरण अनुकूल थैलों को अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित करना रहा।
इसी क्रम में ‘आशीर्वाद रूपी प्रज्ज्वल अभियान’ के अंतर्गत नगर के सामूहिक स्थानों सहित पालिका कार्यालय में आशीर्वाद रूपी दीप प्रज्ज्वलित किए गए। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दिया’ पहल का उल्लेख प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से भी किया गया है।
इस अवसर पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल, सभासद दिनेश कुमार, वर्षा शर्मा, सब्या वाल्मीकि, चर्चित शर्मा, शैलेन्द्र सिंह, सविता बिष्ट, मनोनीत सभासद रीता कलखुड़िया, निगम गुप्ता, पालिका कर्मचारी विनोद चंद्र बिष्ट, बसंत राज चंद, अनुराधा यादव, शकुन, निशा वर्मा, अध्यक्ष जन चेतना परिषद सहित नगर पालिका परिषद टनकपुर के समस्त पर्यावरण मित्र मौजूद रहे।
अभियान के माध्यम से नगरवासियों को स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने तथा प्लास्टिक मुक्त वातावरण के लिए सामूहिक प्रयास करने का संदेश दिया गया।



