आगामी माँ पूर्णागिरि मेले को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। श्रीमान पुलिस अधीक्षक चम्पावत एवं पुलिस उपाधीक्षक टनकपुर के आदेशानुसार प्रभारी अग्निशमन अधिकारी श्री अमर सिंह अधिकारी के निर्देशन में फायर स्टेशन टनकपुर द्वारा मेला क्षेत्र में व्यापक अग्नि सुरक्षा निरीक्षण अभियान चलाया गया।

लीडिंग फायरमैन राजेन्द्र नाथ के नेतृत्व में टीम ने मेला क्षेत्र अंतर्गत होटल, रेस्टोरेंट, धर्मशाला एवं दुकानों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान दुकानदारों व प्रतिष्ठान संचालकों को फायर एक्सटिंग्विशर के सही संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
फायर टीम द्वारा निर्देशित किया गया कि प्रत्येक प्रतिष्ठान में पर्याप्त मात्रा में पानी एवं रेत की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा कटी-फटी या ढीली विद्युत वायरिंग का प्रयोग न किया जाए, क्योंकि इससे अग्नि दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन अत्यंत आवश्यक है। विभाग द्वारा लोगों को जागरूक करते हुए सतर्कता बरतने की अपील भी की गई।
माँ पूर्णागिरि मेले के सफल एवं सुरक्षित संचालन हेतु प्रशासनिक तैयारियाँ युद्ध स्तर पर जारी हैं।


