टनकपुर की सड़कों पर खतरा: पाइपलाइन निर्माण की लापरवाही से जनजीवन प्रभावित

टनकपुर। नगर क्षेत्र में चल रहे पाइपलाइन निर्माण कार्य ने जहां भविष्य की सुविधाओं की उम्मीद जगाई है, वहीं वर्तमान में यह कार्य आम जनता के लिए परेशानी और खतरे का कारण बनता जा रहा है। जगह-जगह खुदी और उखड़ी सड़कों ने राहगीरों का चलना मुश्किल कर दिया है।
सामाजिक कार्यकर्ता दीप चंद्र पाठक ने इस गंभीर स्थिति को लेकर जिलाधिकारी चंपावत को पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने अपने पत्र में स्पष्ट किया कि पाइपलाइन परियोजना निश्चित रूप से जनहित में एक सराहनीय पहल है, लेकिन इसके क्रियान्वयन में बरती जा रही लापरवाही चिंता का विषय है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों को खोदने के बाद उन्हें सही तरीके से समतल नहीं किया जा रहा, जिससे आए दिन लोग ठोकर खाकर गिर रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है। कई लोग इन खतरनाक हालात के कारण चोटिल भी हो चुके हैं।
निर्माण कार्य के दौरान उड़ रही धूल ने भी लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। बावजूद इसके नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ने की आशंका बनी हुई है।
दीप चंद्र पाठक ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए, खुदाई के बाद सड़कों को तुरंत समतल किया जाए, संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी संकेत और बैरिकेडिंग लगाई जाए तथा धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए।
यदि समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो यह जनहित का कार्य ही जनता के लिए मुसीबत का कारण बन सकता है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर कितनी तत्परता से कार्रवाई करता है।



GIPHY App Key not set. Please check settings