टनकपुर (चम्पावत): जनपद में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस की सतर्कता एक बार फिर देखने को मिली है। कोतवाली टनकपुर क्षेत्र में एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने महिलाओं की मजबूरी का फायदा उठाकर उनके साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िताओं ने दिनांक 20 अप्रैल 2026 को कोतवाली टनकपुर में शिकायत दर्ज कराई कि बस स्टैंड फाटक के पास जूते-चप्पल की दुकान चलाने वाला आरोपी उन्हें काम पर रखकर शोषण करता था। जब उन्होंने अपने मेहनताने की मांग की, तो आरोपी ने उन्हें डरा-धमकाकर दुकान में ही जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं, आरोपी ने इस दौरान वीडियो बनाकर पीड़िताओं को ब्लैकमेल किया और परिवार को बदनाम करने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले की जांच महिला उपनिरीक्षक गुरविंदर को सौंपी गई, जिन्होंने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान समसुल हसन उर्फ शहंशाह (उम्र लगभग 50 वर्ष), निवासी मस्जिद कॉलोनी, वार्ड नंबर 2, टनकपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक चम्पावत के निर्देश पर जनपद में महिला अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है, जिसके तहत ऐसे मामलों में त्वरित और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।



GIPHY App Key not set. Please check settings