
विश्व प्रसिद्ध गुरुद्वारा श्री रीठा साहिब में चल रहे जोड़ मेले के बीच शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को झकझोर दिया। नानकमत्ता से अपने साथी के साथ रीठा साहिब में माथा टेकने जा रहे एक सिख युवक की ललुवापानी-बनलेख मार्ग पर गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 32 वर्षीय लखविंदर सिंह पुत्र तारा सिंह, निवासी नानकमत्ता के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक रीठा साहिब में आयोजित जोड़ मेले में दर्शन के लिए जा रहा था। यात्रा के दौरान वह किस्कोट और पल्सों के बीच स्थित ओपन जिम के समीप पैराफिट पर बैठकर विश्राम कर रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह गहरी खाई में जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय युवाओं के सहयोग से कठिन परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाया गया और मृतक के शव को खाई से बाहर निकाला गया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए चम्पावत मोर्चरी भेज दिया गया।
इन दिनों रीठा साहिब जोड़ मेले में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु देश-विदेश से पहुंच रहे हैं। ऐसे में यह हादसा सभी के लिए एक दुखद संदेश भी है कि पर्वतीय मार्गों पर यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतना अत्यंत आवश्यक है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करें और जोखिम वाले स्थानों पर अनावश्यक रूप से न रुकें।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस दुखद घटना से मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर है।


