
हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर चंपावत जिला पत्रकार संगठन द्वारा सूचना विभाग सभागार में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से आए पत्रकारों ने प्रतिभाग कर पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और समाज में मीडिया की भूमिका पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा नेता शंकर दत्त पांडे तथा जिला सूचना अधिकारी अनुज कुमार का पत्रकारों द्वारा पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर स्वागत किया गया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि शंकर दत्त पांडे ने सभी पत्रकारों को हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकार समाज के कमजोर और वंचित वर्गों की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता करना चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ कर रहे हैं।
समारोह के दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सात पत्रकारों को शॉल ओढ़ाकर एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में सतीश जोशी, हरीश पांडे, दीपक धामी, दीपक फुलेरा, ललित मोहन जोशी, पंकज पाठक और विनोद चतुर्वेदी शामिल रहे।
कार्यक्रम का संचालन संगठन के महामंत्री गिरीश बिष्ट ने किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष चंद्र बल्लभ ओली सहित जिले के अनेक वरिष्ठ एवं युवा पत्रकार उपस्थित रहे।
हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर आयोजित यह सम्मान समारोह पत्रकारों के योगदान को सम्मान देने के साथ-साथ निष्पक्ष, जिम्मेदार और जनहितकारी पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश भी देता है।


