in , ,

मुख्यमंत्री धामी का युवा संवाद, बोले— युवा शक्ति ही विकसित भारत और सशक्त उत्तराखण्ड की सबसे बड़ी ताकत

युवाओं के सवालों का मुख्यमंत्री धामी ने दिया जवाब, रोजगार, शिक्षा और नशामुक्ति पर रखी सरकार की प्राथमिकताएं

टनकपुर/चम्पावत,  जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान शनिवार को टनकपुर पहुंचकर युवाओं से सीधा संवाद किया। मिलन वाटिका में शिवम फाउंडेशन द्वारा आयोजित “युवा संवाद कार्यक्रम” में मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और सशक्त उत्तराखण्ड की सबसे बड़ी ताकत है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं के विभिन्न प्रश्नों का उत्तर देते हुए विज्ञान, तकनीक, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, नशामुक्ति और शिक्षा जैसे विषयों पर सरकार की योजनाओं और प्राथमिकताओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है और चम्पावत में साइंस सेंटर तथा महिला स्पोर्ट्स कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

सीमांत क्षेत्रों में रोजगार और पलायन के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए पुस्तकालय, ज्ञानसेतु केन्द्र, ओपन जिम, बास्केटबॉल एवं बैडमिंटन कोर्ट जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। साथ ही पर्यटन और साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं।

नशामुक्त उत्तराखण्ड के संकल्प को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने युवाओं से “ड्रग फ्री देवभूमि मिशन” का ब्रांड एम्बेसडर बनने का आह्वान किया। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम, क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और मेट्रो मैन ई. श्रीधरन के उदाहरण देते हुए युवाओं को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।

महिला सशक्तिकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की 2.75 लाख से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि चम्पावत में निर्माणाधीन महिला स्पोर्ट्स कॉलेज इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

नकल विरोधी कानून का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की सख्ती से 100 से अधिक नकल माफिया जेल भेजे जा चुके हैं और अब प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित हो रही हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली युवाओं एवं उनके अभिभावकों को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सिंह सामंत, शिवम फाउंडेशन के अध्यक्ष शशांक गोयल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार शिक्षा, रोजगार, खेल, नवाचार और स्वरोजगार के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है, ताकि युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिल सकें और वे राज्य के विकास में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।

Rajiv Gupta

Written by Rajiv Gupta

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राहुल गांधी के जन्मदिन पर टनकपुर में बंटी ‘मोहब्बत की मिठास’, कांग्रेस ने दिया भाईचारे और जनसंपर्क का संदेश

चम्पावत के युवाओं के लिए सुनहरा मौका, वृद्धजन देखभाल प्रशिक्षण से मिलेगा रोजगार का अवसर