टनकपुर। स्वर्गीय कैलाश गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम, टनकपुर के बॉक्सिंग छात्रावास में रहकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है। बॉक्सिंग कोच ललित कुंवर तथा एथलेटिक्स कोच एवं छात्रावास वार्डन मुकेश शर्मा के स्थानांतरण के बाद खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों ने चिंता जताते हुए प्रदेश सरकार से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की
स्टेडियम के छात्रावास में अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, हल्द्वानी समेत प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए खिलाड़ी पढ़ाई के साथ बॉक्सिंग और अन्य खेलों का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। खिलाड़ियों का कहना है कि वर्तमान में नियमित बॉक्सिंग कोच और छात्रावास वार्डन के अभाव में न केवल प्रशिक्षण प्रभावित हो रहा है, बल्कि छात्रावास की व्यवस्थाओं और खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के सदस्य नवीन चौहान और जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संग्राम सिंह ने कहा कि दूर-दराज़ क्षेत्रों से आए खिलाड़ी बेहतर प्रशिक्षण और उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद लेकर टनकपुर पहुंचे हैं। ऐसे में अनुभवी कोच और वार्डन का स्थानांतरण खिलाड़ियों के हित में उचित नहीं है। उनका कहना है कि वार्डन की भूमिका केवल छात्रावास संचालन तक सीमित नहीं होती, बल्कि बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी भी उसी पर होती है।
बताया गया कि बॉक्सिंग कोच ललित कुंवर के मार्गदर्शन में टनकपुर के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। वर्तमान में वे भारतीय बॉक्सिंग टीम के साथ इंडोनेशिया दौरे पर हैं। खिलाड़ियों का कहना है कि उनके स्थानांतरण से आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारियों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
वहीं एथलेटिक्स कोच एवं छात्रावास वार्डन मुकेश शर्मा के कार्यकाल को भी खिलाड़ियों और स्थानीय खेल प्रेमियों ने सराहा। उनका कहना है कि उनके मार्गदर्शन में स्टेडियम के खिलाड़ियों ने कई महत्वपूर्ण सफलताएं अर्जित की हैं।
फिलहाल छात्रावास में रह रहे खिलाड़ी पूर्व में मिले प्रशिक्षण के आधार पर स्वयं अभ्यास कर रहे हैं, लेकिन उनका कहना है कि उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए नियमित और अनुभवी कोच का मार्गदर्शन अनिवार्य है।
इस संबंध में जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के सदस्य नवीन चौहान, जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संग्राम सिंह, वरिष्ठ खिलाड़ी प्रकाश सिंह तथा दीपक प्रसाद ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से खिलाड़ियों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए दोनों स्थानांतरण आदेशों पर पुनर्विचार करने और शीघ्र उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।


