चम्पावत, 26 अगस्त 2026। नेपाल में भारी बारिश और भीषण बाढ़ की स्थिति को देखते हुए चम्पावत जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। सीमावर्ती क्षेत्र टनकपुर में SDRF टीम को हाई अलर्ट पर रखते हुए शारदा बैराज, शारदा घाट और संवेदनशील तटीय इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

सेनानायक SDRF के निर्देशों के क्रम में SDRF के जवान लगातार संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त कर रहे हैं। टीम ने बुधवार को शारदा घाट और निचले इलाकों में पहुंचकर स्थानीय निवासियों, यात्रियों एवं मछुआरों को नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना को लेकर जागरूक किया। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए SDRF जवान आवश्यक जीवनरक्षक उपकरणों के साथ 24 घंटे मुस्तैद हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। सिंचाई, राजस्व, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमों को आपसी समन्वय के साथ शारदा नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखने को कहा गया है।
जिला प्रशासन द्वारा आपदा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे उफनती नदियों, शारदा घाट और नदी के तटीय इलाकों के पास अनावश्यक रूप से न जाएं। बच्चों और पशुओं को भी नदी तटों से दूर रखने की सलाह दी गई है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा जिला आपदा कंट्रोल रूम को सूचना देने की अपील की गई है।


