टनकपुर (चम्पावत)। राजकीय महाविद्यालय टनकपुर में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के अध्ययन केंद्र संख्या 16116 की ओर से शनिवार, 31 अक्टूबर को महाविद्यालय के सेमिनार हॉल में दीक्षारंभ (इंडक्शन प्रोग्राम) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनुपमा तिवारी ने किया।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. अनुपमा तिवारी ने उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के नए छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
अध्ययन केंद्र के समन्वयक प्रो. (डॉ.) महेंद्र सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों, प्रवेश प्रक्रिया, पाठ्यक्रम, परीक्षाओं एवं कार्यशालाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
वहीं सह-समन्वयक प्रो. (डॉ.) आशुतोष कुमार ने नए विद्यार्थियों को अध्ययन संचालन एवं व्यवस्थाओं से जुड़ी व्यावहारिक कठिनाइयों और समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र ही परामर्श सत्र आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में डॉ. निशा, डॉ. किरण, डॉ. विमल जोशी, डॉ. स्वाति पंत लोहनी, डॉ. मीनाक्षी जोशी एवं श्री प्रवेश प्रकाश सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय अध्ययन केंद्र के छात्र-छात्राओं के साथ महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।

