देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों एवं राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि उत्तराखण्ड आज अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं के संरक्षण के साथ विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रदेश निरंतर प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है और विकास की इस यात्रा में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प के अनुरूप सभी प्रदेशवासियों को समृद्ध, सशक्त एवं आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड के निर्माण में सहभागी बनना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से राज्य की एकता, संस्कृति और गौरवशाली पहचान को बनाए रखते हुए उत्तराखण्ड को विकास के नए शिखर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने अपने संदेश का समापन ‘जय हिन्द, जय उत्तराखण्ड’ के उद्घोष के साथ किया।


