in , ,

1. चंपावत में धूमधाम से मनाया गया उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी और डीएम मनीष कुमार ने आंदोलनकारियों को किया सम्मानित।

. राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को किया नमन, 26वें स्थापना दिवस पर चंपावत में विकास पुस्तिका का विमोचन

Oplus_131072

चंपावत, 9 नवंबर। उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ जनपद चंपावत में हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। जिला मुख्यालय स्थित जिला सभागार में आयोजित कार्यक्रम में राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों को नमन किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। विद्यालयी छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ विकास पुस्तिका का विमोचन किया गया। पुस्तिका में सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया गया है।

कार्यक्रम में राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जिला अध्यक्ष बसंत सिंह तड़ागी, शंकर पांडे सहित वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। आंदोलनकारी श्याम नारायण पांडे, नवीन मुरारी सहित अन्य लोगों ने राज्य निर्माण के संघर्षों को याद करते हुए नई पीढ़ी से राज्य की अस्मिता और विकास को बनाए रखने का आह्वान किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने आंदोलनकारियों के योगदान को याद करते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य उनके संघर्षों और बलिदानों का परिणाम है। उन्होंने सभी प्रदेश एवं जनपदवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया। कृषि क्षेत्र में बेहतर उत्पादन और नवाचार करने वाले पांच प्रगतिशील किसानों को सम्मान मिला। पशुपालन विभाग की योजनाओं के तहत मुकेश सिंह बोहरा को गौपालन के लिए 36 हजार रुपये तथा जीवनी देवी और रश्मि पांडे को बकरी पालन के लिए 35-35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

वहीं, जनसेवा में योगदान देने वाले यूपीसीएल के दो लाइनमैन, 10 पर्यावरण मित्र, तीन पंप ऑपरेटर, पांच गैंगमैन सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री बाल वीरता पुरस्कार से सम्मानित जनपद की साहसी बालिका माया कांडपाल को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके अलावा कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न विद्यालयों की बालिकाओं को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। कृषि, उद्यान, पशुपालन, चिकित्सा, बाल विकास, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, आयुर्वेद, होम्योपैथी सहित अन्य विभागों ने अपनी योजनाओं की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री सुभाष बगौली, रोहित बिष्ट, हेमा जोशी, किरन देवी, मनोज कालाकोटी, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, सहायक परियोजना निदेशक विमी जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जीवन चंद्र कलौनी ने किया।

राज्य स्थापना दिवस के इस अवसर पर जनपद में विकास, जनसेवा और राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान के माध्यम से उत्तराखंड की संघर्षपूर्ण यात्रा को याद किया गया।

Rajiv Gupta

Written by Rajiv Gupta

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को दी उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं, अमर शहीद आंदोलनकारियों को किया नमन

राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस पर टनकपुर में जागरूकता अभियान, लोगों को दी गई मुफ्त कानूनी सहायता की जानकारी