टनकपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के अवसर पर सोमवार, 9 नवंबर को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्पावत के सचिव के निर्देशानुसार टनकपुर के वार्ड नंबर चार में विशेष विधिक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान वार्ड के अलग-अलग स्थानों पर जागरूकता शिविर आयोजित कर लोगों को उनके कानूनी अधिकारों तथा निःशुल्क कानूनी सहायता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

शिविर में लोगों को बताया गया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस का मुख्य उद्देश्य समाज के गरीब, कमजोर और वंचित वर्गों को निःशुल्क, निष्पक्ष एवं सक्षम कानूनी सहायता उपलब्ध कराना तथा प्रत्येक नागरिक को उसके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।

इस दौरान भारतीय संविधान के अनुच्छेद 39A की जानकारी देते हुए बताया गया कि राज्य का दायित्व है कि कानूनी व्यवस्था समान अवसर के आधार पर न्याय को बढ़ावा दे और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराए।
जागरूकता अभियान में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोगों, महिलाओं, बच्चों, दिव्यांगजनों, गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले व्यक्तियों, औद्योगिक श्रमिकों, कैदियों, मानव तस्करी के पीड़ितों एवं आपदा प्रभावित लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता के लिए पात्रता की जानकारी दी गई।
इसके साथ ही मुफ्त वकील, निःशुल्क कानूनी सलाह, न्यायालय शुल्क में छूट तथा लोक अदालत के माध्यम से बिना अतिरिक्त खर्च के मामलों के निस्तारण जैसी सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
शिविर में विशेष रूप से संदेश दिया गया कि न्याय सभी के लिए है। आर्थिक तंगी के कारण कोई भी व्यक्ति न्याय पाने के अधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए। लोगों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (SLSA) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) की त्रिस्तरीय व्यवस्था की जानकारी देते हुए नालसा के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी बताया गया।
इस जागरूकता अभियान में पीएलवी एवं अधिकार मित्र बिजेंद्र अग्रवाल, शमशाद बानो, राधिका अधिकारी, दिग्विजय सिंह तड़ागी तथा प्रो बोनो पीएलवी इजहार अली ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग कर लोगों को विधिक जानकारियां प्रदान कीं।


