टनकपुर। भारतीय जन चेतना परिषद टनकपुर की ओर से मंगलवार, 10 नवंबर को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व चेयरमैन स्वर्गीय श्री चंदी प्रसाद की पुण्यतिथि पर प्रार्थना सभा एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके सामाजिक एवं विकास कार्यों को याद किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त राजकीय अध्यापक श्री पूरन लाल गंगवार ने स्वर्गीय चंदी प्रसाद के चित्र का अनावरण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार ने स्वर्गीय चंदी प्रसाद के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नगर के विकास, शिक्षा के प्रचार-प्रसार तथा गरीब, मजदूर और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए उनके द्वारा किए गए कार्य हमेशा याद किए जाएंगे। टाउन एरिया एवं नॉन-नोटिफाइड एरिया के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने नगर में विकास की जो नींव रखी, उसके प्रमाण आज भी नेहरू पार्क, महात्मा गांधी प्राइमरी विद्यालय, जल संस्थान परिसर, पुरानी पानी की टंकी, चौड़े फुटपाथ और शास्त्री पार्क जैसे सार्वजनिक स्थलों में दिखाई देते हैं।
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि स्वर्गीय चंदी प्रसाद ने शिक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ समाज के कमजोर वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए। भारतीय जन चेतना परिषद द्वारा उनकी स्मृति में प्रतिवर्ष इस दिन को जन चेतना दिवस के रूप में मनाया जाता है, ताकि समाज में शिक्षा, जागरूकता और आपसी भाईचारे का संदेश पहुंचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय चंदी प्रसाद के आदर्शों को आत्मसात करना और समाज के हित में कार्य करने का संकल्प लेना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस दौरान परिषद के सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने भी लोगों में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पूर्व सभासद भगवत सरन, पूर्णागिरि बार एसोसिएशन के संरक्षक विनोद प्रकाश एडवोकेट, पूर्व कर्मचारी नेता नवल किशोर, लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष शिवकुमार एवं सुशील कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने अपने विचार रखे और स्वर्गीय चंदी प्रसाद के सामाजिक योगदान को याद किया।
इस अवसर पर लाल बहादुर, उमा शंकर गंगवार, दीनानाथ गंगवार, फिरोज अंसारी, राजेश कुमार, फरद अली, रमेश निषाद, मुकेश कश्यप, मुरली मनोहर, अजय कुमार, संजय सक्सेना, अनिल यादव, अनूप सिंह यादव, सरदार मनमोहन सिंह, केदार दत्त जोशी, सौरभ गुप्ता, विमला यादव, संगीता, सपना एवं जमुना महर सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन नारायण वाल्मीकि ने किया। अंत में उपस्थित लोगों ने रामधुन गाकर स्वर्गीय चंदी प्रसाद को अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए।

