in , ,

हर देशवासी का घर रोशन रहें, इसलिए अपनी दीपावली ड्यूटी के नाम कर देते हैं पुलिस के जवान

जब हर घर में जल रहे थे खुशियों के दीप, तब सड़कों पर मुस्तैद रहकर जनता की सुरक्षा में जुटे थे पुलिसकर्मी, परिवार से दूर रहकर निभाया अपना फर्ज

Oplus_131072

दीपावली का पर्व आते ही हर घर में खुशियों की रौनक छा जाती है। बच्चे अपने माता-पिता के साथ दीप जलाने, मिठाइयां बांटने और आतिशबाजी के बीच त्योहार मनाने का इंतजार करते हैं। परिवार के सभी सदस्य एक साथ बैठकर खुशियां बांटते हैं, लेकिन इसी रोशनी और उल्लास के बीच कुछ ऐसे लोग भी होते हैं, जिनकी अपनी दीपावली ड्यूटी के नाम हो जाती है। ये हैं हमारे पुलिस के जवान।

जब पूरा शहर दीपों की रोशनी में जगमगा रहा होता है, तब पुलिस के जवान बाजारों, चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और पटाखा बाजारों में मुस्तैदी से तैनात रहते हैं। उनके मन में भी अपने परिवार के बीच दीपावली मनाने की इच्छा होती है। उनके बच्चे भी घर पर पिता के लौटने का इंतजार करते होंगे, पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य भी चाहते होंगे कि इस पावन पर्व पर सभी एक साथ बैठकर खुशियां मनाएं। लेकिन वर्दी पहनते ही उनका पहला दायित्व आमजन की सुरक्षा बन जाता है।

दीपावली के अवसर पर जनपद चम्पावत में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव स्वयं सुरक्षा व्यवस्थाओं की कमान संभालती नजर आईं। उन्होंने चम्पावत नगर के मुख्य बाजार का भ्रमण किया, वहीं टनकपुर और बनबसा में भी पुलिस टीमों ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तथा पटाखा बाजार में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं और मिठाई वितरित कर पूरी सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।

इन तस्वीरों में वर्दी पहने पुलिसकर्मियों के कदमों के साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी दिखाई देती है। बाजारों में उमड़ती भीड़, परिवारों के साथ खरीदारी करने निकले लोग और त्योहार की खुशियों के बीच पुलिस के जवान हर गतिविधि पर पैनी नजर रखते हैं। उनकी कोशिश रहती है कि किसी परिवार की दीपावली किसी अप्रिय घटना के कारण फीकी न पड़ जाए।

यह भी सच है कि पुलिस के जवानों के घरों में भी दीपावली मनाई जाती है। उनके बच्चे भी नए कपड़े पहनते होंगे, घर में दीप सजाते होंगे और अपने पिता, भाई या पति के आने की राह देखते होंगे। मगर कई बार त्योहार की रात भी उनकी ड्यूटी समाप्त नहीं होती। वे अपनी पारिवारिक खुशियों को कुछ समय के लिए पीछे रखकर हजारों परिवारों की खुशियों की रखवाली करते हैं।

समाज को भी यह समझने की जरूरत है कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने वाली व्यवस्था नहीं, बल्कि त्योहारों और संकट की घड़ी में आम नागरिकों के साथ खड़ी रहने वाली एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान, सहयोग और संवेदनशीलता रखना हर नागरिक का कर्तव्य है।

सलाम है उन वर्दीधारियों को, जो दूसरों के घरों में दीपावली की रोशनी बनी रहे, इसके लिए कई बार अपने घर के दीपों के बीच मौजूद नहीं रह पाते।

क्योंकि उनकी ड्यूटी सिर्फ एक नौकरी नहीं, बल्कि लाखों लोगों की सुरक्षा और विश्वास से जुड़ा हुआ कर्तव्य है।

त्योहार पर अपने परिवार के साथ खुशियां मनाना हर किसी का अधिकार है, लेकिन दूसरों की खुशियां सुरक्षित रखने के लिए अपने त्योहार को ड्यूटी के नाम कर देने वाले पुलिसकर्मियों का सम्मान भी हमारा फर्ज है। 🙏🌹

Rajiv Gupta

Written by Rajiv Gupta

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

रोशनी, स्वच्छता और सुविधाओं का संगम बना टनकपुर, अध्यक्ष विपिन कुमार व सभासदों ने दीपोत्सव की तैयारियों को दिया विशेष स्वरूप

हर देशवासी का घर रोशन रहे, इसलिए अपनी दीपावली देश के नाम कर देते हैं पुलिस के जवान।