चम्पावत, 28 जनवरी 2026 (सूवि)।
जनपद चम्पावत में “नशा मुक्त भारत–नशा मुक्त देवभूमि” अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा एक सराहनीय एवं अभिनव पहल की गई। माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के नेतृत्व में “मुख्यमंत्री संस्कृति संवर्धन पहल – कला, परंपरा और पहचान” कार्यक्रम के अंतर्गत ऐतिहासिक बालेश्वर मंदिर परिसर से नशा मुक्ति का सशक्त सांस्कृतिक संदेश दिया गया।
इस अवसर पर बालेश्वर मंदिर के महंत श्री पवन गिरी को संस्कृति संवर्धन किट भेंट की गई, जिसमें पुस्तकें, वाद्य यंत्र एवं जनजागरूकता सामग्री शामिल है। यह पहल केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संस्कृति के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी प्रयास है।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने बालेश्वर मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर जनपद की सुख-समृद्धि, शांति एवं विकास की कामना की तथा मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के विज़न के अनुरूप संस्कृति संरक्षण और नशा मुक्ति को एक साथ जोड़कर समाज में व्यापक जागरूकता लाई जा रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थल समाज को नैतिक दिशा देने वाले केंद्र होते हैं। ऐसे स्थानों से दिया गया नशा मुक्ति का संदेश युवाओं को गहराई से प्रभावित करता है और उन्हें अपनी परंपराओं व रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ता है।
उन्होंने यह भी कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज—तीनों के भविष्य को प्रभावित करता है। इसलिए जनसहभागिता के माध्यम से नशा मुक्त, संस्कारवान और सशक्त चम्पावत का निर्माण जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इस दिशा में निरंतर सांस्कृतिक कार्यक्रम, संवाद और जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर व्यापार संघ अध्यक्ष श्री विकास साह, सामाजिक कार्यकर्ता श्री गौरव पांडेय, राज्य आंदोलनकारी श्री सुनील गड़कोटी, श्री मयूख चौधरी, श्री संतोष पांडेय, श्री अमित गड़कोटी, श्री लक्ष्मीदत्त सक्टा, श्री नरेंद्र सिंह, श्री पार्थ गड़कोटी, खंड विकास अधिकारी श्री अशोक अधिकारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



GIPHY App Key not set. Please check settings