चम्पावत, 06 फरवरी 2026 (सूवि)। प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार, 07 फरवरी को जनपद चम्पावत के भ्रमण पर रहेंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री टनकपुर में बहुप्रतीक्षित ‘शारदा कॉरिडोर’ योजना का शिलान्यास करेंगे तथा विभिन्न जनसंवाद कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री प्रातः 10:50 बजे शारदा घाट, टनकपुर पहुंचेंगे, जहां वे शारदा कॉरिडोर का शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर आयोजित माघ खिचड़ी कार्यक्रम में भी वे आमजन के साथ सहभागिता करेंगे।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री बनबसा (चम्पावत) स्थित एनएचपीसी विश्राम गृह जाएंगे, जहां दोपहर 12:00 बजे से 01:45 बजे तक ‘बजट पूर्व संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस संवाद में मुख्यमंत्री विभिन्न हितधारकों से आगामी बजट को लेकर सुझाव प्राप्त करेंगे।
कार्यक्रम के उपरांत माननीय मुख्यमंत्री जनपद उधमसिंह नगर के लिए प्रस्थान करेंगे।


