जनपद चम्पावत पुलिस परिवार के लिए अत्यंत दुःखद समाचार सामने आया है। जनपद में तैनात मुख्य आरक्षी बच्ची सिंह (50 वर्ष) का आकस्मिक निधन हो गया, जिससे पुलिस विभाग सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
मूल रूप से ग्राम विरखन, पोस्ट प्यूड़ा, थाना मुक्तेश्वर (जनपद नैनीताल) निवासी बच्ची सिंह पदोन्नति प्रशिक्षण के लिए 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर गए हुए थे। प्रशिक्षण संस्थान से एक दिन के अवकाश पर घर पहुंचे, जहां दिनांक 04 फरवरी 2026 को रात्रि लगभग 9:30 बजे उनका अचानक निधन हो गया।
बच्ची सिंह ने अप्रैल 2002 में आरक्षी पद पर पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। अपने कर्तव्यनिष्ठ एवं समर्पित सेवा भाव के कारण उन्होंने विभाग में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसे सदैव स्मरण किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक चम्पावत श्री अजय गणपति सहित समस्त चम्पावत पुलिस परिवार ने दिवंगत आत्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिवार को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।


