उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनभावनाओं और धार्मिक आस्था से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए एक और महत्वपूर्ण वादा पूरा किया है। विश्वप्रसिद्ध माँ पूर्णागिरि मंदिर मार्ग पर स्थायी स्ट्रीट लाइट व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में ठोस पहल करते हुए विद्युत वितरण मंडल चम्पावत द्वारा ई-निविदा जारी कर दी गई है।
इस योजना के अंतर्गत ककराली गेट से लेकर माँ पूर्णागिरि मंदिर तक स्ट्रीट लाइट के लिए लाइन निर्माण तथा ट्रांसफॉर्मर स्थापना का कार्य किया जाएगा। यह व्यवस्था पूर्ण होने के बाद श्रद्धालुओं, स्थानीय निवासियों तथा यात्रियों को रात्रि के समय सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
जिलाधिकारी चम्पावत श्री मनीष कुमार ने बताया कि शासन और प्रशासन धार्मिक पर्यटन स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयासरत है। कुमाऊं क्षेत्र के प्रमुख आस्था केंद्र माँ पूर्णागिरि धाम में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मार्ग पर स्थायी पथ प्रकाश व्यवस्था होने से सुरक्षा के साथ-साथ पर्यटन को भी नया बल मिलेगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल से क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और धार्मिक स्थलों के आसपास मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है।
उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड, विद्युत वितरण मंडल चम्पावत द्वारा जारी ई-निविदा के अनुसार कार्य निविदा विशिष्टियों के अनुरूप संपन्न किया जाएगा। इच्छुक फर्में 24 मार्च 2026 को दोपहर 11 बजे तक निविदा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन जमा कर सकती हैं, जबकि निविदा 25 मार्च 2026 को प्रातः 10 बजे खोली जाएगी।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यह व्यवस्था लागू होने के बाद न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी बल्कि क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलेगी और माँ पूर्णागिरि धाम की यात्रा और अधिक सुरक्षित व सुगम बनेगी।



GIPHY App Key not set. Please check settings