चम्पावत। जनपद में लगातार बढ़ती गर्मी और उष्ण लहर (हीट वेव) की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विद्यालयों के समय में परिवर्तन किया है। मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार मैदानी क्षेत्रों में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे बच्चों में डिहाइड्रेशन और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ गया है।

इसी को ध्यान में रखते हुए जनपद चम्पावत के मैदानी एवं प्रभावित क्षेत्रों में संचालित सभी ग्रीष्मावकाश वाले सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन अब 29 अप्रैल 2026 से 10 मई 2026 तक प्रातः 7:45 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक किया जाएगा। यह आदेश प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों पर लागू रहेगा। जबकि शीतावकाश वाले विद्यालय पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार संचालित होते रहेंगे।
मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और उप शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश की अनदेखी करने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन से अपील की है कि बच्चों को तेज धूप में बाहर निकलने से बचाएं, पर्याप्त पानी पिलाएं और गर्मी से बचाव के प्रति जागरूक करें, ताकि उष्ण लहर के प्रभाव से बच्चों का स्वास्थ्य सुरक्षित रखा जा सके।



GIPHY App Key not set. Please check settings