in , ,

स्वास्थ्य से खिलवाड़ नहीं होगा बर्दाश्त: डीएम के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई

फल-सब्जियों में केमिकल इस्तेमाल पर नजर, 6 नमूने लैब भेजे गए

चम्पावत। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देश पर जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावटखोरी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत नगर क्षेत्र के विभिन्न फल, सब्जी, बेकरी और किराना प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने केला, आम और सेब समेत विभिन्न फलों की गुणवत्ता की जांच करते हुए 3 नमूने संग्रहित किए, जिन्हें परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजा गया है। विभाग यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि फलों को कृत्रिम रंगों या प्रतिबंधित राइपिनिंग एजेंट्स से तैयार न किया गया हो।

अधिकारियों ने दुकानदारों और खाद्य कारोबारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि फलों एवं सब्जियों को कृत्रिम रूप से पकाने या आकर्षक बनाने के लिए हानिकारक रसायनों का उपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। विभाग ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां आम जनता के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा हैं।

अभियान के दौरान बेकरी और किराना दुकानों का भी निरीक्षण किया गया। एक बेकरी प्रतिष्ठान में स्वच्छता मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संचालक को नोटिस जारी किया गया।

इसके अलावा कोल्ड ड्रिंक और बिस्कुट के भी 3 नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। इस प्रकार कुल 6 खाद्य नमूनों की जांच की जा रही है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि लैब रिपोर्ट में यदि किसी भी खाद्य पदार्थ में मिलावट या असुरक्षित तत्व पाए जाते हैं तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी, सहायक दिनेश फर्त्याल सहित विभागीय टीम मौजूद रही।

Rajiv Gupta

Written by Rajiv Gupta

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GIPHY App Key not set. Please check settings

बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता: चम्पावत में बदला विद्यालयों का संचालन समय

“पुस्तकों से प्रेम और बड़े लक्ष्य का संदेश: गणेश सिंह मर्तोलिया ने प्रतियोगी छात्रों को सफलता का मंत्र दिया”