

टनकपुर सिटीजन पुस्तकालय समिति द्वारा संचालित सिटीजन पुस्तकालय में आज प्रेरणा, मार्गदर्शन और उत्साह से भरा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईजी गणेश सिंह मर्तोलिया ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर पुस्तकालय का निरीक्षण किया तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के साथ संवाद किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान पुस्तकालय में अध्ययनरत युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मर्तोलिया ने पुस्तकालय प्रबंधन समिति से संचालन व्यवस्था, विद्यार्थियों की सुविधाओं एवं अध्ययन वातावरण की जानकारी ली और समिति के प्रयासों की सराहना की।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में गणेश सिंह मर्तोलिया ने कहा कि सफलता उन्हीं को मिलती है जो बड़े लक्ष्य के साथ निरंतर मेहनत करते हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी केवल पढ़ाई नहीं बल्कि अनुशासन, धैर्य और लगातार अभ्यास का विषय है। उन्होंने छात्रों को अधिक से अधिक प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रतिभाग करने और असफलताओं से सीख लेते हुए आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों से हो रहे पलायन पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि स्वरोजगार और शिक्षा के माध्यम से युवाओं को अपने क्षेत्रों में ही बेहतर अवसर तलाशने चाहिए। उनका यह संदेश युवाओं के लिए प्रेरणा का केंद्र बना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संरक्षक रोहिताश अग्रवाल एवं अनिल चौधरी “पिंकी” द्वारा की गई। उन्होंने कहा कि गणेश सिंह मर्तोलिया जैसे अनुभवी अधिकारी का मार्गदर्शन युवाओं के लिए अमूल्य प्रेरणा है और छात्र-छात्राओं को उनके बताए मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए।
मीडिया से वार्ता करते हुए गणेश सिंह मर्तोलिया ने कहा कि पुस्तकालय केवल किताबों का केंद्र नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को दिशा देने का माध्यम है। उन्होंने सिटीजन पुस्तकालय समिति के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में शिक्षा और जागरूकता को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम का संचालन अमित जोशी द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक चेतन रावत, उप निरीक्षक कमल सिंह रावत सहित कई गणमान्य नागरिक, पुस्तकालय समिति सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



GIPHY App Key not set. Please check settings