in , , ,

बनबसा-नेपाल बॉर्डर पर बड़ा एक्शन: नोएडा का वांछित ठग गिरफ्तार

नेपाल भागने की फिराक में था आरोपी, बनबसा सीमा पर संयुक्त टीम ने दबोचा

टनकपुर/बनबसा। उत्तराखंड की बनबसा-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए ग्रेटर नोएडा के दो गंभीर धोखाधड़ी मामलों में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना बनबसा पुलिस, सीमा सुरक्षा बल (SSB) और उत्तर प्रदेश पुलिस की CRT/SWAT-2 व SOG टीम के संयुक्त अभियान में यह सफलता मिली।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सत्येन्द्र सिंह भसीन निवासी पश्चिमी दिल्ली के रूप में हुई है, जो लंबे समय से नोएडा पुलिस को वांछित था और नेपाल भागने की कोशिश में था।

जानकारी के अनुसार थाना बनबसा पुलिस टीम शारदा बैराज क्षेत्र में नियमित गश्त और चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान नोएडा पुलिस की विशेष टीम से सूचना मिली कि एक वांछित आरोपी नेपाल सीमा की ओर बढ़ रहा है। सूचना मिलते ही कैनाल गेट चेक पोस्ट और शारदा बैराज पुल क्षेत्र में सघन चेकिंग शुरू कर दी गई।

कुछ ही देर बाद नेपाल से लौट रही एक संदिग्ध इनोवा कार को रोककर जांच की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान सत्येन्द्र सिंह भसीन के रूप में हुई। जांच में पता चला कि आरोपी के खिलाफ ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 में गंभीर धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं और उसके विरुद्ध गैर-जमानती वारंट भी जारी है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चार फर्जी आधार कार्ड, एक Apple iPad, चार मोबाइल फोन, पेन ड्राइव, पावर बैंक, डायरी तथा ₹30,540 नकद बरामद किए हैं।

संयुक्त टीम की इस कार्रवाई को सीमा सुरक्षा और अंतर्राज्यीय अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बनबसा-नेपाल सीमा पर लगातार निगरानी बढ़ाई गई है ताकि अपराधी सीमा पार कर कानून से बच न सकें।

फिलहाल आरोपी को आगे की विधिक कार्रवाई के लिए संबंधित थाना बीटा-2, ग्रेटर नोएडा भेजा जा रहा है।

Rajiv Gupta

Written by Rajiv Gupta

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

“पुस्तकों से प्रेम और बड़े लक्ष्य का संदेश: गणेश सिंह मर्तोलिया ने प्रतियोगी छात्रों को सफलता का मंत्र दिया”

उत्तराखंड में पहली बार बड़े स्तर पर होगा आपदा चेतावनी प्रणाली का परीक्षण, मोबाइल पर आएगा “टेस्ट अलर्ट”