in , ,

उत्तराखंड में पहली बार बड़े स्तर पर होगा आपदा चेतावनी प्रणाली का परीक्षण, मोबाइल पर आएगा “टेस्ट अलर्ट”

शनिवार को बजेगी आपके मोबाइल की घंटी, लेकिन घबराइए नहीं… यह आपकी सुरक्षा के लिए है!

Oplus_131072

देहरादून/टनकपुर।

उत्तराखंड के लोगों के मोबाइल फोन पर शनिवार, 02 मई 2026 को अचानक तेज अलर्ट टोन और चेतावनी संदेश सुनाई दे सकता है। यदि आपके फोन में भी “Warning Alert” दिखाई दे और घंटी बजे, तो घबराने की बिल्कुल आवश्यकता नहीं है, क्योंकि यह केवल एक टेस्टिंग अलर्ट होगा।

उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) द्वारा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के सहयोग से राज्यभर में सेल ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम का परीक्षण किया जा रहा है। इस अत्याधुनिक व्यवस्था का उद्देश्य भविष्य में भूकंप, भारी बारिश, भूस्खलन, बाढ़ या अन्य प्राकृतिक आपदाओं के दौरान लोगों तक समय रहते चेतावनी पहुंचाना है।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने बताया कि यह परीक्षण इस बात को परखने के लिए किया जा रहा है कि आपातकालीन संदेश कितनी तेजी और प्रभावशीलता से आम जनता तक पहुंच रहे हैं। विभिन्न मोबाइल नेटवर्क क्षेत्रों में इस अलर्ट का परीक्षण होगा, ताकि जरूरत पड़ने पर पूरे राज्य में समय रहते चेतावनी प्रसारित की जा सके।

मोबाइल पर कुछ ऐसा दिखेगा संदेश…

“भारत द्वारा स्वदेशी तकनीक का उपयोग करते हुए अपने नागरिकों के लिए त्वरित आपदा चेतावनी सेवा हेतु सेल ब्रॉडकास्ट की शुरुआत की जा रही है।

यह एक परीक्षण संदेश है।

जनता से किसी प्रकार की कोई कार्रवाई अपेक्षित नहीं है।”

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक डेमो अलर्ट है और इससे किसी प्रकार की अफवाह फैलाने या डरने की आवश्यकता नहीं है।

आपदा से पहले चेतावनी, जीवन बचाने की बड़ी पहल

उत्तराखंड जैसे संवेदनशील पर्वतीय राज्य में यह प्रणाली आने वाले समय में हजारों लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। समय रहते मोबाइल पर मिलने वाली चेतावनी लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने और सतर्क रहने का अवसर देगी।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भविष्य में यदि वास्तविक आपदा अलर्ट जारी हो, तो उसे गंभीरता से लें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Rajiv Gupta

Written by Rajiv Gupta

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GIPHY App Key not set. Please check settings

बनबसा-नेपाल बॉर्डर पर बड़ा एक्शन: नोएडा का वांछित ठग गिरफ्तार

हल्द्वानी वन प्रभाग की नई पहल, नंधौर अभ्यारण्य से सटे संवेदनशील गांवों में लगाए जाएंगे स्मार्ट सोलर कैमरे