
टनकपुर में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड के बाद जिला प्रशासन ने प्रभावित व्यापारियों और परिवारों की मदद के लिए संवेदनशील पहल करते हुए राहत सामग्री वितरित की। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देश पर तहसीलदार पिंकी आर्या के नेतृत्व में प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और पीड़ितों को जरूरी सामान उपलब्ध कराया।

रेड क्रॉस सोसायटी के माध्यम से प्रभावित 6 व्यापारियों को खाद्य सामग्री, कंबल, चादर, मेडिकल किट सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं दी गईं। राहत सामग्री पाकर पीड़ित परिवारों के चेहरों पर कुछ राहत जरूर नजर आई।
तहसीलदार पिंकी आर्या ने कहा कि संकट की इस घड़ी में जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ने पर आगे भी मदद जारी रहेगी।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार वर्मा, सभासद दिनेश कुमार, अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल, सुरेश कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की।


