टनकपुर/चम्पावत, 15 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित माँ पूर्णागिरि मेला 2026 का सोमवार को विधिवत एवं औपचारिक समापन हो गया। इस वर्ष का मेला आस्था, सुरक्षा, सुव्यवस्था और बेहतर प्रबंधन का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा, जिसमें लगभग 25 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने माँ पूर्णागिरि के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि माँ पूर्णागिरि के आशीर्वाद और मुख्यमंत्री धामी के कुशल नेतृत्व में मेले का संचालन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने मेले के सफल आयोजन में योगदान देने वाले प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस, एसएसबी, मंदिर समिति तथा सभी सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशन में श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया गया, जिससे लाखों श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित दर्शन का लाभ मिला। उन्होंने बताया कि पूर्णागिरि क्षेत्र के समग्र विकास हेतु अनेक महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि बाटनागाड़ एवं किरोड़ा में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, चूका हेलीपैड निर्माण, पूर्णागिरि रोपवे परियोजना, मंदिर सौंदर्यीकरण और मार्गों के सुधार जैसे विकास कार्य भविष्य में क्षेत्र की तस्वीर बदल देंगे तथा पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान मेले के सफल संचालन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस एवं सुरक्षा बलों, पूर्णागिरि मंदिर समिति के पदाधिकारियों, जिला पंचायत कर्मियों तथा पत्रकारों को स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा ने मेले के औपचारिक समापन की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया तथा प्रदेश की निरंतर उन्नति और समृद्धि की कामना की।
पूर्णागिरि मेला 2026 का सफल आयोजन एक बार फिर यह साबित करता है कि बेहतर प्रशासनिक समन्वय, जनसहभागिता और सरकार की दूरदर्शी सोच से धार्मिक पर्यटन को नई पहचान दी जा सकती है। आने वाले वर्षों में प्रस्तावित विकास परियोजनाएं माँ पूर्णागिरि धाम को देश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में और अधिक प्रतिष्ठित बनाने का मार्ग प्रशस्त करेंगी। 🌹🙏


