in , ,

मौत से छीन लाए सैकड़ों सांसें, टनकपुर की जल पुलिस टीम के साहस को मिला सम्मान

शारदा के ‘जल प्रहरी’ हुए सम्मानित, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी बोले – मुख्यमंत्री से कराएंगे राज्य स्तर पर सम्मानित, मिलेंगे आधुनिक रेस्क्यू उपकरण

Oplus_131072

टनकपुर के पवित्र शारदा घाट स्थित जल पुलिस चौकी में रविवार को मानव सेवा और साहस को समर्पित एक भावपूर्ण सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, पूर्व पंचायत सदस्य उर्मिला चंद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने जल पुलिस के जांबाज जवान रविंद्र सिंह उर्फ पहलवान, राकेश गिरी और सूरज शर्मा को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि यह सम्मान केवल तीन पुलिसकर्मियों का नहीं, बल्कि उन सभी जल प्रहरी जवानों का है, जो प्रतिदिन अपनी जान जोखिम में डालकर दूसरों की जिंदगी बचाने का कार्य करते हैं। शारदा नदी में वर्षभर लाखों श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचते हैं और तेज बहाव के बीच जब भी किसी की जान संकट में पड़ती है, जल पुलिस की टीम देवदूत बनकर सामने आती है।

बताया गया कि इस वर्ष विश्व प्रसिद्ध मां पूर्णागिरि मेले के दौरान रविंद्र सिंह उर्फ पहलवान और उनकी टीम ने 150 से अधिक श्रद्धालुओं को डूबने से बचाकर नई जिंदगी दी। वहीं रविंद्र सिंह पिछले 15 वर्षों से शारदा नदी में जल पुलिस के रूप में सेवाएं दे रहे हैं और अब तक लगभग एक हजार से अधिक लोगों की जान बचा चुके हैं। उनकी यह सेवा पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।

जानकारी के अनुसार इतने बड़े मानवीय योगदान के बावजूद जल पुलिस की इस टीम को अब तक बड़े स्तर पर सम्मान नहीं मिल पाया था। इस विषय को पत्रकार प्रेस परिषद संगठन के मीडिया अध्यक्ष शुभम गौड़, उपाध्यक्ष पुष्कर सिंह मेहर एवं महामंत्री राजीव गुप्ता ने जनप्रतिनिधियों के समक्ष प्रमुखता से रखा। इसके बाद जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी अपने सहयोगियों के साथ जल पुलिस चौकी पहुंचे और पूरी टीम को सम्मानित किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के टनकपुर आगमन पर जल पुलिस की इस सराहनीय सेवा की जानकारी उन्हें दी जाएगी, ताकि रविंद्र सिंह और उनकी पूरी टीम को राज्य स्तर पर सम्मानित कराया जा सके। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आगामी विश्व प्रसिद्ध मां पूर्णागिरि मेले से पूर्व जल पुलिस को मोटर बोट, लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय, रेस्क्यू रस्सियां एवं अन्य आधुनिक बचाव उपकरण उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा, जिससे बचाव कार्य और अधिक प्रभावी व सुरक्षित हो सके।

सम्मान से भावुक हुए रविंद्र सिंह उर्फ पहलवान ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने इसे पूरी जल पुलिस टीम का सम्मान बताते हुए कहा कि इससे उन्हें भविष्य में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ मानव सेवा करने की नई ऊर्जा मिलेगी।

रविंद्र सिंह केवल एक कर्तव्यनिष्ठ जल पुलिस कर्मी ही नहीं, बल्कि समाजसेवा के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान रखते हैं। वे वर्षों तक टनकपुर और बनबसा क्षेत्र में घायल एवं दुर्घटनाग्रस्त गोवंशों को स्वयं उठाकर सरकारी पशु चिकित्सालय पहुंचाने और उनकी सेवा करने का कार्य करते रहे। पुलिस सेवा की व्यस्तता के बावजूद उनका सेवा भाव आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, पूर्व पंचायत सदस्य उर्मिला चंद, कोमल गिरी, अंकु सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे

Rajiv Gupta

Written by Rajiv Gupta

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टनकपुर से गूंजा ‘हर-हर महादेव’: कैलाश मानसरोवर यात्रा के प्रथम दल का देवभूमि की परंपरा से भव्य स्वागत

मुख्यमंत्री धामी ने दिखाई हरी झंडी, देवभूमि से शिवधाम की पावन यात्रा का शुभारंभ