टनकपुर। सीमांत क्षेत्र की सुरक्षा और आधारभूत विकास को नई दिशा देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर–पूर्णागिरि मार्ग के बूम क्षेत्र में लगभग 60 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली शारदा तटबंध परियोजना का शुभारंभ किया। परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र को बाढ़ से सुरक्षा मिलने के साथ-साथ नदी तटों के संरक्षण और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में टनकपुर पावर स्टेशन की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। पावर स्टेशन के प्रमुख महाप्रबंधक रंजन आर्य के नेतृत्व में अधिकारियों ने कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए मुख्यमंत्री का पौधा भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस दौरान टनकपुर पावर स्टेशन की ओर से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत संचालित विकास कार्यों तथा भविष्य की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी मुख्यमंत्री को दी गई। अधिकारियों ने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय विकास के क्षेत्र में पावर स्टेशन लगातार कार्य कर रहा है तथा आने वाले समय में भी जनहित की कई योजनाएं संचालित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्रीय विकास में टनकपुर पावर स्टेशन की सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं के साथ सार्वजनिक उपक्रमों का सहयोग विकास कार्यों को नई गति प्रदान करता है। उन्होंने भविष्य में भी जनकल्याण के कार्यों में इसी प्रकार सहभागिता बनाए रखने की अपेक्षा व्यक्त की।
शारदा तटबंध परियोजना को सीमांत क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात माना जा रहा है। इसके निर्माण से बाढ़ नियंत्रण, नदी तटों की सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। वहीं कार्यक्रम में टनकपुर पावर स्टेशन की सक्रिय उपस्थिति ने सामाजिक दायित्व और क्षेत्रीय विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को भी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया।


