मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चम्पावत को स्वास्थ्य सेवाओं और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण सौगातें देकर एक बार फिर यह साबित किया है कि सीमांत क्षेत्रों का समग्र विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने देहरादून स्थित मुख्य सेवक सदन से वर्चुअल माध्यम से टनकपुर उप जिला चिकित्सालय में दो अत्याधुनिक डायलिसिस मशीनों एवं नई ईसीजी मशीन का लोकार्पण किया, वहीं डांडा ककनई में नेस्ले इंडिया और बीएआईएफ के सहयोग से उत्तराखंड CSR-2026 समग्र ग्राम विकास कार्यक्रम (HVDP) का शुभारंभ भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने उद्योग जगत से उत्तराखंड के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और ग्राम विकास को समान प्राथमिकता दी जा रही है।
टनकपुर उप जिला चिकित्सालय में नई डायलिसिस और ईसीजी सुविधा शुरू होने से अब सीमांत क्षेत्र के मरीजों को बेहतर उपचार के लिए दूर-दराज के शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से हजारों मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा, जिससे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
वहीं डांडा ककनई में शुरू किए गए समग्र ग्राम विकास कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, जल संरक्षण, सौर ऊर्जा, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, स्वरोजगार और ग्रामीण आधारभूत ढांचे के विकास को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि “आदर्श चम्पावत–विकसित चम्पावत” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनसहभागिता से जनपद को विकास का आदर्श मॉडल बनाने का संकल्प है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी के.एस. बृजवाल, तहसीलदार टनकपुर पिंकी आर्य, सीएमएस डॉ. घनश्याम तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की यह पहल सीमांत जनपद चम्पावत के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है, जिससे “आदर्श चम्पावत–विकसित चम्पावत” के संकल्प को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।


