

चम्पावत। ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के अवसर पर रविवार को जनपद चम्पावत से 45 सदस्यीय श्रद्धालुओं का दल गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ धाम के दर्शन एवं पूजन के लिए पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ रवाना हुआ। स्थानीय मुख्य बस स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं का पुष्पमालाओं से भव्य स्वागत किया गया और पूरे वातावरण में बाबा सोमनाथ के जयकारे गूंजते रहे।
यात्रा का शुभारंभ वन एवं पर्यावरण दर्जा राज्य मंत्री श्री श्याम नारायण पांडे ने हरी झंडी दिखाकर किया। यात्रा से पूर्व श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं ने इस जनकल्याणकारी एवं सांस्कृतिक पहल के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे ने कहा कि ‘सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा’ केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता को सशक्त करने का एक प्रेरणादायी अभियान है। उन्होंने कहा कि ऐसी यात्राएं नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का कार्य करती हैं।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि श्री प्रकाश तिवारी तथा नगर पालिका अध्यक्ष लोहाघाट श्री गोविंद वर्मा ने इस यात्रा को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और लोगों को भारत की गौरवशाली आध्यात्मिक परंपराओं को निकट से जानने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता श्री गोविंद बोहरा, भाजपा मीडिया संयोजक श्री राजू गढ़कोटी, जिला पर्यटन अधिकारी श्री सानू प्रकाश सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धालुओं का माल्यार्पण कर उनकी मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
सोमनाथ धाम के जयघोष और भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालुओं का दल अपने पावन गंतव्य के लिए रवाना हुआ। यह आयोजन चम्पावत जनपद में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक चेतना और जनसहभागिता का एक प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।


