मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के ‘आदर्श चंपावत’ संकल्प को साकार करने की दिशा में शुक्रवार को एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई। धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र माँ पूर्णागिरि धाम जाने वाले मार्ग पर अत्याधुनिक एलईडी स्ट्रीट लाइट परियोजना तथा जनपद के दूरस्थ एवं अब तक विद्युत सुविधा से वंचित तोकों के विद्युतीकरण कार्यों का विधिवत शुभारम्भ किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी में विकास कार्यों का शुभारम्भ किया गया।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अंतर्गत ₹23.25 करोड़ की लागत वाली विकास योजनाओं में शामिल लगभग ₹8.10 करोड़ की एलईडी स्ट्रीट लाइट परियोजना के तहत ककराली गेट से माँ पूर्णागिरि मंदिर तक लगभग 20 किलोमीटर लंबे मार्ग को रोशनी से जगमगाया जाएगा। प्रथम चरण में ₹2 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है।
विशेष बात यह है कि मंदिर तक के अंतिम तीन किलोमीटर के दुर्गम पैदल मार्ग पर पर्यावरण संरक्षण एवं वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अंडरग्राउंड केबल के माध्यम से विद्युत व्यवस्था की जाएगी। इससे रात्रि के समय यात्रा करने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा।
इसके साथ ही जनपद के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों एवं विद्युत सुविधा से वंचित तोकों में भी विद्युतीकरण कार्य प्रारंभ किया गया है। इससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और स्थानीय रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि ‘आदर्श चंपावत’ की परिकल्पना अब तेजी से धरातल पर उतर रही है और जनहित से जुड़ी घोषणाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है।
इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री श्री सुभाष बगौली, श्री श्याम नारायण पांडे, श्री मनोज कालाकोटी, श्रीमती हेमा जोशी, श्रीमती किरण देवी, विधायक प्रतिनिधि टनकपुर श्री दीपक रजवार, विधायक प्रतिनिधि चंपावत श्री प्रकाश तिवारी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती पुष्पा विश्वकर्मा, मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी श्री केदार सिंह बृजवाल, भाजपा जिला महामंत्री श्री पूरन सिंह मेहरा, पूर्णागिरि मेला समिति अध्यक्ष श्री किशन तिवारी, मंडल अध्यक्ष सुश्री तुलसी कुंवर, क्षेत्र के ग्राम प्रधानों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
उत्तराखण्ड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) की ओर से अधीक्षण अभियंता श्री डी.के. जोशी, अधिशासी अभियंता श्री विजय कुमार सकारिया, उपखंड अधिकारी श्री एम.एस. बृजवाल, जूनियर इंजीनियर श्री नरेन्द्र प्रसाद तथा विभाग की पूरी टीम भी कार्यक्रम में मौजूद रही।
माँ पूर्णागिरि धाम मार्ग पर आधुनिक प्रकाश व्यवस्था और दूरस्थ गांवों तक बिजली पहुंचाने की यह पहल न केवल श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा बढ़ाएगी, बल्कि सीमांत क्षेत्र के समग्र विकास, धार्मिक पर्यटन और ग्रामीण जीवन को नई गति देने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।


