टनकपुर/चम्पावत। फायर स्टेशन टनकपुर द्वारा जनपद चम्पावत के बनबसा क्षेत्र स्थित ग्राम बिचई में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अग्निशमन एवं आपात सेवा, देहरादून तथा पुलिस अधीक्षक चम्पावत के निर्देशों पर फायर स्टेशन प्रभारी अमर सिंह अधिकारी के निर्देशन में संपन्न हुआ। इस दौरान लीडिंग फायरमैन वीरेन्द्र कुमार ने ग्रामीणों को आग लगने की घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक जानकारी दी।
कार्यक्रम में प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के सही संचालन का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया तथा आग लगने की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही घरेलू उपयोग में आने वाले एलपीजी गैस सिलेंडर के सुरक्षित उपयोग, गैस रिसाव की स्थिति में बरती जाने वाली सतर्कता और दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की भी जानकारी दी गई।
फायर विभाग ने लोगों से अपील की कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर बड़ी अग्नि दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अग्नि सुरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त की।


