टनकपुर। जनसेवा और कर्मचारी कल्याण की दिशा में टनकपुर पावर स्टेशन की ओर से की गई एक सराहनीय पहल देखने को मिली। 25 अगस्त 2026 को पावर स्टेशन के चिकित्सालय परिसर, बनबसा में बीएलके-मैक्स अस्पताल नई दिल्ली एवं निरंजना नेत्र चिकित्सालय, खटीमा के सहयोग से एक दिवसीय निःशुल्क मासिक ओपीडी चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया।

शिविर का शुभारंभ टनकपुर पावर स्टेशन के महाप्रबंधक (विद्युत) मो. जावेद अंसारी ने किया। इस अवसर पर पावर स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
शिविर में बीएलके-मैक्स अस्पताल से हड्डी सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. शॉंगनिक पाल, सामान्य सर्जरी एवं मिनिमल एक्सेस सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक गोयल तथा निरंजना नेत्र चिकित्सालय, खटीमा से नेत्र रोग विशेषज्ञ लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. आशीष सक्सेना ने लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।
ओपीडी जांच से पहले आयोजित हेल्थ टॉक में चिकित्सकों ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली एवं निवारक स्वास्थ्य उपायों की जानकारी दी। वहीं फिजियोथेरेपिस्ट ने सामान्य व्यायाम से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
इस स्वास्थ्य शिविर का लाभ पावर स्टेशन के कर्मचारियों, उनके परिवारों, सीआईएसएफ में तैनात जवानों सहित स्थानीय लोगों ने भी उठाया। शिविर में कुल 95 लोग लाभान्वित हुए।
टनकपुर पावर स्टेशन की इस पहल की सराहना इसलिए भी की जा रही है कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराकर लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और जांच की सुविधा प्रदान की गई। पावर स्टेशन अस्पताल की टीम ने भी शिविर के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
जनहित से जुड़ी ऐसी पहल निश्चित रूप से कर्मचारी कल्याण के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी की सकारात्मक मिसाल पेश करती है।


