टनकपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान और उत्तराखंड कांग्रेस की ओर से लगाए गए आरोपों के विरोध में बुधवार को टनकपुर के तुलसी राम चौराहे पर भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश मंत्री सूरज प्रहरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला फूंका और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की।

इस दौरान भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश मंत्री सूरज प्रहरी ने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद कांग्रेस नेताओं द्वारा भाजपा पर रामलीला मैदान के शुद्धिकरण का आरोप लगाया गया, जो पूरी तरह निराधार है। उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टिकरण और जातिवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तराखंड की जनता कांग्रेस की इस राजनीति को स्वीकार नहीं कर रही है।
सूरज प्रहरी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन कांग्रेस इन विकास कार्यों को पचा नहीं पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए कांग्रेस आए दिन नए मुद्दे उठाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है, जिसे प्रदेश की जनता सिरे से नकार चुकी है।
पुतला दहन कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष तुलसी कुँवर, दर्जा राज्य मंत्री किरन देवी, टनकपुर चेयरमैन विपिन कुमार, मंडल महामंत्री हरीश कलौनी, वाल्मिकी क्रांतिकारी मोर्चा संयोजक अरुण वाल्मिकी, युवा मोर्चा अध्यक्ष मुकेश जोशी, मंडल उपाध्यक्ष विनोद गड़कोटी, नामित सभासद निगम गुप्ता, दीपक सिंह, हरीश भट्ट, अनीता यादव, गिरीश गहतोड़ी, नन्दाबल्लभ जोशी, शैलेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।


