राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सोमवार को स्वर्गीय श्री कैलाश गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम, टनकपुर में ‘युवा महाकुंभ’ के तहत युवा सम्मेलन एवं खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

नगर कार्यवाह जगदीश बोरा ने बताया कि सम्मेलन के दौरान वॉलीबॉल, कबड्डी और रस्साकशी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वॉलीबॉल में 12 टीमों, कबड्डी में 5 टीमों तथा रस्साकशी में 4 टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिताओं में युवाओं ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ अपना दमखम दिखाया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पिथौरागढ़ विभाग के विभाग प्रचारक वतन जी रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा व्यवसायी अक्षय अग्रवाल ने की। कार्यक्रम में टनकपुर नगर के संघचालक डॉ. देवी दत्त जोशी, नगर प्रचारक माधव, जिला प्रचारक बलवीर सहित संघ के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रतियोगिताओं के संचालन में शारीरिक प्रमुख दिवाकर, जिला प्रचारक कृष्णवर्धन जोशी एवं शैलेंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कबड्डी प्रतियोगिता का संचालन दिवाकर तथा वॉलीबॉल प्रतियोगिता आशा भट्ट के निर्देशन में संपन्न हुई।
वक्ताओं ने युवाओं को सेवा, समर्पण, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना से जुड़कर समाज एवं देश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में युवाओं की बड़ी भागीदारी ने सम्मेलन को उत्साहपूर्ण बना दिया।



