in , ,

दीपावली पर टनकपुर-बनबसा में बाजारों का खाका तैयार, आतिशबाजी से लेकर त्योहारी दुकानों तक के स्थान निर्धारित

एसडीएम प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक, सुरक्षा, यातायात और साफ-सफाई को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

Oplus_131072

टनकपुर। दीपावली पर्व को देखते हुए टनकपुर और बनबसा में बाजार व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात एवं साफ-सफाई को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को टनकपुर तहसील में एसडीएम प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, व्यापार मंडल एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्योहार के दौरान बाजार को व्यवस्थित रखने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि टनकपुर में आतिशबाजी बाजार गांधी मैदान में लगाया जाएगा। यदि निर्धारित क्षेत्र से अधिक दुकानों के लाइसेंस जारी होते हैं तो आतिशबाजी बाजार को मंडी समिति में स्थानांतरित किया जाएगा। वहीं बनबसा में पूर्व की भांति भजनपुर इंटर कॉलेज के निर्धारित स्थान पर आतिशबाजी की दुकानें लगाई जाएंगी।

सब्जी बाजार को पंजाब नेशनल बैंक से खन्ना चौक तक निर्धारित स्थान पर संचालित किया जाएगा। जबकि खील-बताशे, कैलेंडर, झालर और दीपावली से संबंधित अन्य सामग्री की दुकानें तुलसीराम चौराहे से चड्ढा चौराहे तक लगाई जाएंगी। बाजार में भीड़ और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए व्यापार मंडल एवं नगर पालिका की मौजूदगी में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

बैठक में व्यापारियों का पुलिस प्रशासन के साथ निरीक्षण एवं सत्यापन अभियान चलाने सहित त्योहार के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर भी चर्चा की गई।

इस दौरान अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल, नगर पंचायत बनबसा के दीपक, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह कोरंगा, यूपीसीएल के जेई नरेंद्र श्रीवास्तव, व्यापार मंडल अध्यक्ष वैभव अग्रवाल, गिरीश वर्मा, अंकित अग्रवाल, संजय पांडे, निगम गुप्ता, मुकेश साहू, एफएसओ प्रकाश चंद्र सती, वीरेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Rajiv Gupta

Written by Rajiv Gupta

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

बनबसा में 23 नवंबर से सजेगा सेना भर्ती का मैदान, चम्पावत-पिथौरागढ़ के 4,492 युवा आजमाएंगे अपना दमखम

आयुर्वेदिक चिकित्सा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल, टनकपुर में निःशुल्क शिविर लगाकर लोगों को दी गई स्वास्थ्य सेवाएं