in , ,

बनबसा में 23 नवंबर से सजेगा सेना भर्ती का मैदान, चम्पावत-पिथौरागढ़ के 4,492 युवा आजमाएंगे अपना दमखम

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने तैयारियों की समीक्षा कर परिवहन, आवास, भोजन, स्वास्थ्य और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश

टनकपुर/चम्पावत। जनपद चम्पावत के बनबसा स्थित मिलिट्री स्टेडियम में 23 नवंबर से 29 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाली सेना भर्ती रैली को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस भर्ती रैली में चम्पावत और पिथौरागढ़ जनपद के कुल 4,492 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। भर्ती प्रक्रिया को सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भर्ती में शामिल होने वाले युवाओं को आवागमन, ठहरने, भोजन और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सेना के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी की जाएं।

बैठक में जिलाधिकारी ने विद्युत, पेयजल, स्वास्थ्य, परिवहन, आवास, भोजन, साफ-सफाई और शौचालय जैसी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। अभ्यर्थियों के ठहरने के लिए धर्मशालाओं एवं अन्य उपयुक्त स्थानों पर व्यवस्था करने के साथ ही एम्बुलेंस और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने को भी कहा गया।

तहसीलवार इस प्रकार रहेगा भर्ती कार्यक्रम

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 नवंबर को पिथौरागढ़ तहसील के 834 अभ्यर्थी, 24 नवंबर को मुनस्यारी, बंगापानी, थल, तेजम, गंगोलीहाट एवं गणाई गंगोली के 949 अभ्यर्थी तथा 25 नवंबर को कनालीछीना, बेरीनाग, धारचूला, डीडीहाट, पांखू एवं देवलथल के 990 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे।

वहीं 26 नवंबर को चम्पावत, पाटी एवं पूर्णागिरि तहसीलों के 988 अभ्यर्थियों की अग्निवीर जीडी श्रेणी में भर्ती होगी। 27 नवंबर को लोहाघाट एवं बाराकोट तहसीलों के अग्निवीर जीडी अभ्यर्थियों के साथ चम्पावत और पिथौरागढ़ की सभी तहसीलों के अग्निवीर तकनीकी तथा ट्रेड्समैन आठवीं एवं दसवीं पास श्रेणी के कुल 731 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। 28 एवं 29 नवंबर को चिकित्सा परीक्षण और दस्तावेजी प्रक्रिया के लिए निर्धारित किया गया है।

इस प्रकार भर्ती कार्यक्रम में दोनों जनपदों के कुल 4,492 युवाओं के शामिल होने की संभावना है।

समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस के कर्नल अमोल डाबड़गावो, सूबेदार मेजर अरुण शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, अधिशासी अभियंता जल संस्थान आर.पी. डोभाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। उपजिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार, एआरटीओ एवं अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।

सेना में भर्ती होने का सपना संजोए हजारों युवाओं के लिए बनबसा में होने वाली यह भर्ती रैली एक महत्वपूर्ण अवसर है। जिला प्रशासन ने युवाओं की सुविधा और भर्ती प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए हैं।

Rajiv Gupta

Written by Rajiv Gupta

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

परिवहन मंत्री के आश्वासन पर टनकपुर में रोडवेज कर्मियों का धरना स्थगित, दीपक रजवार ने धरना स्थल पहुंचकर की वार्ता।

दीपावली पर टनकपुर-बनबसा में बाजारों का खाका तैयार, आतिशबाजी से लेकर त्योहारी दुकानों तक के स्थान निर्धारित