टनकपुर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर नगर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा। शहर के सभी शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं ने बड़ी श्रद्धा एवं आस्था के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी और “बम-बम भोले” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा।

नगर के शिवालय मंदिर के समीप शिव भक्तों द्वारा भांग प्रसादी का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। वहीं महिलाओं की भी उल्लेखनीय सहभागिता देखने को मिली और उन्होंने पूरे उत्साह के साथ मंदिरों में पूजा-अर्चना कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

श्रद्धालु माँ शारदा के तट से पवित्र जल लेकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने पहुंचे। नगर के प्रमुख पंचमुखी महादेव मंदिर में दर्शन के लिए लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं, जो भक्तों की गहरी आस्था का प्रमाण बनीं।

महाशिवरात्रि के इस पर्व ने टनकपुर नगर को धार्मिक ऊर्जा, श्रद्धा और उत्साह से सराबोर कर दिया तथा सामूहिक भक्ति और सेवा भाव का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।


