टनकपुर में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिक्षिका मां और उनकी मासूम बेटी घायल हो गईं। हादसा उस समय हुआ जब स्कूल की छुट्टी के बाद मां अपनी बेटी को स्कूटी से घर लेकर लौट रही थीं। इसी दौरान अचानक सामने आई गाय से स्कूटी टकरा गई और दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार ब्लू माउंटेन स्कूल टनकपुर की शिक्षिका वंदना चौहान (35 वर्ष) अपनी 8 वर्षीय बेटी सावनी, जो कक्षा 3 की छात्रा है, को लेकर शुक्रवार अपराह्न करीब 1 बजे स्कूटी से घर जा रही थीं। पिथौरागढ़ चुंगी के पास अचानक स्कूटी एक गाय से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मां-बेटी सड़क पर गिर गईं और दोनों को चोटें आईं।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए तुरंत दोनों को उप जिला अस्पताल टनकपुर पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टर मानवेंद्र शुक्ला और चिकित्सा टीम द्वारा दोनों का उपचार किया गया।
डॉक्टरों के अनुसार शिक्षिका वंदना चौहान के सिर और पैर में चोट आई है, जबकि उनकी बेटी सावनी के हाथ की कलाई और पैर में चोट लगी है। राहत की बात यह रही कि दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में आवारा पशुओं को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़कों पर घूम रहे आवारा पशु लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं, जिस पर प्रशासन को गंभीर कदम उठाने की आवश्यकता है।


