चंपावत। जनपद में एक संवेदनशील आपराधिक प्रकरण के दौरान सोशल मीडिया पर नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर किए जाने के मामले में चम्पावत पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी नाबालिग पीड़िता की फोटो, वीडियो अथवा पहचान सार्वजनिक करना कानूनन गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि एक व्यक्ति द्वारा अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से नाबालिग पीड़िता से संबंधित सामग्री प्रसारित की जा रही थी, जिसका तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस ने संबंधित पोस्ट हटवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की विवेचना नियमानुसार जारी है तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं पीड़िता की गोपनीयता, सामाजिक सम्मान और मानसिक सुरक्षा को गंभीर रूप से प्रभावित करती हैं। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संवेदनशील मामले से जुड़ी सामग्री सोशल मीडिया पर साझा न करें और कानून का सम्मान करते हुए पीड़ित की निजता बनाए रखने में सहयोग करें।
चम्पावत पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


